Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में स्कूली छुट्टियों में बदलाव की तैयारी, मौसम के हिसाब से होगा वेकेशन शेड्यूल  

Himachal School Holiday : राज्य के शिक्षा विभाग में छुट्टियों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इस बारे में नोटिफिकेशन का ड्राफ्ट तैयार है और ये बुधवार को जारी हो सकता है। इस ड्राफ्ट में गर्मियों और बरसात की छुट्टियों को फ्लैक्सिबल यानी लचीला बनाया जाएगा। हर जिले में मौसम के हिसाब से जैसी जरूरत हो वैसा वेकेशन शेड्यूल रहेगा। इसके लिए संबंधित जिला के उपायुक्त और डिप्टी डायरेक्टर ही फैसला लेने को अधिकृत होंगे। हालांकि फेस्टिवल ब्रेक फिक्स रहेगी। यह नोटिफिकेशन अगले शिक्षा सत्र से लागू होगी और इससे पहले शिक्षक संगठनों के सुझाव भी लिए जा सकते हैं।

हाल ही में शिमला में हुई तीन दिन की वर्कशॉप में इस बारे में शिक्षा सचिव ने राय ली थी। गौर है कि प्रदेश के स्कूलों में विंटर क्लोजिंग स्कूलों की छुट्टियां पहली जनवरी से 15 फरवरी तक होती है यानी स्कूलों में 46 दिन का अवकाश रहता है। वहीं विंटर क्लोजिंग स्कूलों में 20 जून से 28 जुलाई तक अवकाश रहता है। लेकिन दिक्कत यह है कि विंटर क्लोजिंग स्कूलों में जिस समय छुट्टियां पड़ती हैं, उस समय छात्रों को किसी भी तरह का होम वर्क नहीं मिलता। शिक्षकों का यह कहना है कि बोर्ड एग्जाम के समय बच्चे पूरा याद किया हुआ भूल जाते हैं।

समर क्लोजिंग स्कूलों में बरसात की छुट्टियों को लेकर हमेशा ही दिक्कत रहती है। जिस समय यह छुट्टियां होती हैं, उस समय बरसात कई बार पीक पर होती है और कई बार बरसात का मौसम आगे चल जाता है। जिस कारण छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में दिक्कत आती है। ऐसे में विभिन्न जिलों के लिए विभिन्न तरह का वेकेशन शेड्यूल जारी हो सकता है। अभी सभी जिला के मुखियाओं से राय ली गई है और बुधवार यानी कि आज इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है।

इसमें यह भी कहा गया है कि जिलों के डिप्टी डायरेक्टर के पास ये पावर होगी कि वह यदि जरूरी हुआ तो जिलों के मुताबिक बरसात के समय कम से कम 15 से 20 दिन की छुट्टियां कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए भी डिस्टिक एडमिनिस्ट्रेशन से परमिशन लेनी होगी।

देखें LIVE VIDEO :

Exit mobile version