Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में बर्फबारी से थमी रफ्तार! कई पर्यटकों का रेस्क्यू; रात में सफर न करने की एडवाइजरी जारी

Himachal Snowfall

Himachal Snowfall

Himachal Snowfall: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बारानाला के पास करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण सड़क मार्ग छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद हो गया है। स्थिति को देखते हुए जिला कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से रात के समय जलोड़ी जोत की ओर यात्रा नहीं करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, जलोड़ी जोत के आसपास हुई बर्फबारी के कारण कई पर्यटक और वाहन चालक रास्ते में फंस गए थे। सूचना मिलने पर जिला पुलिस की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान बर्फबारी के बीच फंसे करीब आठ दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों तथा ट्रैकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस टीम ने सभी को सरकारी वाहन के माध्यम से सोझा पहुंचाया।

इसके अलावा, रास्ते में फंसे दो छोटे वाहनों को जलोड़ी टॉप पार करवाया गया। वहीं, वापसी के दौरान कुछ वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित रवाना किया गया।

ये भी पढ़ें- मुंबई की इस जगह छठ पूजा करने की नहीं मिली अनुमति, बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका

 

स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने का संदेश
बर्फबारी के कारण सड़क की स्थिति गंभीर होने को देखते हुए पुलिस ने सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय निवासियों तथा टैक्सी चालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उनसे पर्यटकों को जलोड़ी जोत की ओर जाने से रोकने और सड़क पर बर्फ जमने के कारण पैदा हुए खतरों के बारे में जागरूक करने को कहा गया है।

वाहन चालकों को जलोड़ी जोत न जानें की सलाह
जिला कुल्लू पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय जलोड़ी जोत की ओर किसी भी प्रकार का वाहन लेकर न जाएं। मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें। बर्फ से ढकी और फिसलन भरी सड़कों पर वाहन चलाने का जोखिम न उठाएं।

पुलिस ने स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों से भी आग्रह किया है कि वे पर्यटकों को मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी दें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दें। साथ ही, प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यटक यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें, क्योंकि बर्फबारी के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। जिला कुल्लू पुलिस ने कहा है कि पर्यटकों और वाहन चालकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version