Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल के जवान ने लेह में पाई शहादत, सुक्खू ने निधन पर जताया शोक

February 20, 2024

हिमाचल के जवान ने लेह में पाई शहादत, सुक्खू ने निधन पर जताया शोक

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगडा में विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के जवान ने लेह में शहादत पाई है। ग्लेशियर में तीन दिन पहले ब्रेन हेमरेज होने से लिली गांव के रहने वाले 24 वर्षीय जवान हैप्पी सिंह की तबीयत खराब हो गई थी। अस्पताल में भर्ती होने से पहले ही सोमवार सुबह जवान का निधन हो गया। जवान की शहादत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पिता विनीत कुमार तथा माता श्यामा देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

बताया जा रहा है कि जवान चार साल से सेना में सेवाएं दे रहे थे और ग्लेशियर गए उन्हें केवल छह माह ही हुए थे। चूंकि लेह में मौसम खराब है। लिहाजा, जवान की पार्थिव देह को लाने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। शहीद की एक छोटी बहन काजल है। हैप्पी आठ मार्च 2020 को 26 पंजाब में भर्ती हुआ था।

शहीद जवान की शादी भी नहीं हुई थी और परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार बेटे की शादी के सपने देख रहा था लेकिन इससे पहले ही वह शहीद हो गया। शहीद के माता-पिता को चंडीगढ़ आने के लिए कहा गया था। अधिकारी के अनुसार, जैसे ही मौसम ठीक होगा विमान से हैप्पी की पार्थिव देह को उनके घर ले जाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय सेना की 26वीं पंजाब रेजिमेंट में सेवारत हैप्पी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और ईश्वर से परिवारजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने का साहस प्रदान करने की प्रार्थना की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें