Site icon Dainik Savera Times

खिलाड़ियों को 9.03 करोड़ की पुरस्कार राशि देगी प्रदेश सरकार

शिमला। प्रदेश सरकार 20वें एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए अक्तूबर माह में सम्मान समारोह आयोजित करेगी। समारोह में खिलाड़ियों को कुल 9.03 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं सम्मान देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

प्रवक्ता के अनुसार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ियों रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये तथा एथलेटिक्स की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।

इसी तरह क्रिकेट की स्वर्ण पदक विजेता टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। जूडो में प्रतिभागिता के लिए खिलाड़ी ताखेलाम्बम इनुनगांबी को तीन लाख रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

सरकार ने खिलाड़ियों के हित में नकद पुरस्कारों के प्रावधानों में भी संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों में शामिल हिमाचल के पात्र खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार राशि समान रूप से बांटी जा सकेगी। जरूरत के अनुसार आनुपातिक आधार पर भी राशि वितरित की जा सकेगी, जिसमें प्रत्येक पात्र खिलाड़ी को व्यक्तिगत पदक विजेता के लिए निर्धारित पुरस्कार राशि का कम से कम 25 प्रतिशत मिलना सुनिश्चित होगा।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी के पद सृजित करने को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version