Site icon Dainik Savera Times

न्यूजीलैंड की तकनीक से संवरेंगे हिमाचल के सेब बगीचे

 

Himachal to Set Up Apple Excellence Centre with New Zealand : शिमला। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आज यहां हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के उच्च स्तरीय तकनीकी प्रतिनिधिमंडल के बीच एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

बैठक में अवगत करवाया गया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बागवानों के हित में सेब की फसल के लिए हिमाचल प्रदेश में एक आधुनिक उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना करना है। बैठक में अवगत करवाया गया कि उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से बागवानों को रूटस्टॉक्स पर तैयार उच्च गुणवत्ता वाली और रोग-मुक्त सेब की पौध उपलब्ध कराना, सेब की नई और उन्नत किस्मों तथा विश्वस्तरीय बागवानी तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन करना व बदलते जलवायु परिवेश के अनुरूप उच्च-घनत्व वाले बगीचों की स्थापना को बढ़ावा देना है। प्रदेश और देश के अन्य राज्यों के इच्छुक बागवानों तक इन आधुनिक तकनीकों को पहुंचाने के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना करने का भी लक्ष्य है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित की जा रही है जिसमें तीन प्रमुख हितधारक अपनी भूमिका निभाएंगे। भारत सरकार इस परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ केंद्र की स्थापना, आधुनिक तकनीक हस्तांतरण और प्रबंधन के लिए संपूर्ण तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग इस परियोजना की कार्यकारी एजेंसी के रूप में कार्य करेगा तथा उत्कृष्टता केंद्र के सफल संचालन के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन और स्टाफ उपलब्ध कराएगा।

बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश के बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाली और रोग-मुक्त सेब की पौध उचित दामों पर उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आगामी वर्ष से ही यहां उच्च गुणवत्ता की पौध सामग्री तैयार कर बागवानों में वितरित की जा सके। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की विश्वस्तरीय तकनीक और हिमाचल की अनुकूल जलवायु का यह संगम राज्य की बागवानी अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। बैठक में सचिव बागवानी सुदेश कुमार मोक्टा, निदेशक बागवानी डॉ. सतीश शर्मा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

न्यूजीलैंड के तकनीकी दल का नेतृत्व प्राथमिक उद्योग मंत्रालय, न्यूजीलैंड उच्चायोग के लीड एडवाइजर ईशान जयवर्धना ने किया। उनके साथ बैठक में न्यूजीलैंड उच्चायोग की कृषि साझेदारी प्रबंधक प्रियम अरोड़ा, तकनीकी विशेषज्ञ जैक ह्यूजेस, डेविड मैनकेटलो, माइक नेल्सन और लाचलान मैके भी उपस्थित थे।

Exit mobile version