हिमाचल डेस्कः प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का पहला चरण 16 फरवरी को दोपहर दो बजे शुरू होगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से होगी। सत्र प्रारंभ होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में वे कांग्रेस और भाजपा विधायक दलों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील करेंगे।
ये भी देखें :-
राज्य विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अस्थायी सूची के अनुसार सत्र 16 फरवरी से शुरू होकर फिलहाल 18 फरवरी तक चलेगा। पहले दिन यदि कोई शोक प्रस्ताव होगा तो उस पर वक्तव्य दिए जाएंगे। इसके बाद शासकीय और विधायी कार्य शुरू होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा प्रारंभ हो सकती है। इसके अतिरिक्त राजस्व घाटा अनुदान बंद करने के मुद्दे पर भी बहस होने की संभावना है। विधायकों ने राजस्व घाटा अनुदान बंद करने, प्रदेश की आर्थिक स्थिति, सेब पर आयात शुल्क में कमी, कानून-व्यवस्था और खनन जैसे विषयों पर प्रश्न लगाए हैं। इसके अलावा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाएंगे।
कांग्रेस और भाजपा विधायक दलों की बैठकें आज
बजट सत्र को लेकर कांग्रेस और भाजपा विधायक दलों की बैठकें 16 फरवरी की सुबह होंगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी, जिसमें राजस्व घाटा अनुदान के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ रणनीति तय की जाएगी।
वहीं, भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 16 फरवरी को सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में होगी। इसमें सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई जाएगी।
ये भी पढे़ं :-

