हिमाचल डेस्कः प्रदेश में जारी मौसम अलर्ट के बीच बुधवार रात भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिले। शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा समेत कई हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
ये भी पढे़ं :-
मौसम विभाग ने 16 मई तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में अंधड़, बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और हिमपात की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य और मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
वहीं, 18 से 20 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे निचले इलाकों में गर्मी बढ़ सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सबसे अधिक 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कुफरी में 6.0, ऊना में 5.4, कांगड़ा में 3.6 और सेऊबाग में 2.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। शिमला, कल्पा और बरठीं में भी हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और मुरारी देवी में बिजली चमकी। सेऊबाग में 48 और सुंदरनगर के केवीके क्षेत्र में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बुधवार सुबह शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। निचले और मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से उमस बढ़ने लगी है। ऊना, पांवटा साहिब, देहरा और बिलासपुर में दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब भी हल्की ठंडक बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार मई माह में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का दौर जारी रहा। इसके चलते औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। यही वजह है कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जैसे गर्म क्षेत्रों में भी इस बार मई में गर्मी का असर कम देखने को मिला, जबकि पहाड़ी इलाकों में ठंडक बनी हुई है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
ये भी पढे़ं :-

