Site icon Dainik Savera Times

Himachal Weather: हिमाचल में बदलेगा मौसम, 5 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

Snowfall In Himachal

Snowfall In Himachal

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में आगामी पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। राज्य के 19 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इनमें पांच स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री और तीन स्थानों पर माइनस में पहुंच गया है।

ये भी पढ़ें: UN में एक बार फिर भारत ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को लताड़ा

पहाड़ी से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। राजधानी शिमला में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, लेकिन जिले के अन्य इलाकों में पारे में गिरावट दर्ज की गई है। बरठीं, मंडी, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना में शीतलहर चली, जबकि बिलासपुर, पांवटा साहिब और ऊना में कोहरा छाया रहा।

15 जनवरी तक मौसम शुष्क

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 15 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद दो पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 से 18 जनवरी और 21 जनवरी को मध्य पर्वतीय व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 19 और 20 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

15 और 16 जनवरी को मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की भी चेतावनी दी गई है।

इन जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

19 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 16 से 20 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

ये भी पढ़ें: एक हफ्ते के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाएंगे करण जौहर, बोले– यूनिवर्स मुझे स्ट्रॉन्ग बनाए

जनवरी में अच्छी बारिश-बर्फबारी की उम्मीद

मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 29 जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में फिर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे प्रदेश में चल रहे सूखे जैसे हालात से राहत मिलने और जनवरी माह में अच्छी वर्षा-बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version