हिमाचल डेस्कः प्रदेश में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को कांगड़ा, धर्मशाला और कुल्लू के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विभाग ने 3 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।
ये भी पढ़ें :-
मौसम विभाग के अनुसार 1 से 3 जुलाई के बीच बिलासपुर, सोलन, सिरमौर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। कुल्लू जिले के गड़सा और बजौरा क्षेत्र में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं, धर्मशाला और कांगड़ा के कई इलाकों में भी जमकर बारिश हुई। राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन से चार दिनों में उत्तराखंड और आसपास के क्षेत्रों में और आगे बढ़ सकता है। इसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा, जिससे कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। प्रदेश में तापमान में भी उल्लेखनीय अंतर दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पांवटा साहिब सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रोहतांग में उमड़े पर्यटक
बारिश के बीच रोहतांग दर्रा, कुंजुम दर्रा, शिंकुला और बारालाचा दर्रा में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। बर्फ से ढकी चोटियों और ठंडे मौसम का सैलानियों ने भरपूर आनंद लिया। दूसरी ओर ऊना में दिनभर उमस और गर्मी बनी रही। बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
ये भी पढ़ें :-
मेष: दिन शुभ रहेगा...