Site icon Dainik Savera Times

Snowfall In Himachal: मनाली में ताजा बर्फबारी, रोहतांग और बारालाचा बंद

Snowfall In Manali

Snowfall In Manali

हिमाचल डेस्क: प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली और आसपास के क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग के छोर पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के बाद बर्फ के दीदार के लिए भारी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं। सैलानियों को मनाली के नजदीकी पर्यटन स्थलों में ही बर्फ देखने का मौका मिल रहा है।

पर्यटक सोलंगनाला से अटल टनल तक बर्फ के दीदार कर रहे हैं। मंगलवार को पर्यटन स्थल सोलंगनाला में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोलंगनाला से आगे केवल फोर-बाई-फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है, जिसके कारण ट्रैफिक जाम छह किलोमीटर पीछे बाहंग तक पहुंच गया है। पर्यटक फोर-बाई-फोर वाहनों के जरिए अटल टनल रोहतांग के साउथ और नॉर्थ पोर्टल के साथ-साथ सिस्सू और कोकसर में बर्फ का आनंद ले रहे हैं।

रोहतांग और बारालाचा बंद

लगातार हिमपात के कारण रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा जैसे पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं। हालांकि मनाली आने वाले पर्यटक अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू, कोकसर, ग्राम्फु और गुलाबा में बर्फबारी का आनंद उठा रहे हैं। सुबह से ही पर्यटक सोलंगनाला पहुंचने लगे और बर्फ के फाहों के बीच जमकर मस्ती की। मनाली घाटी में बादल छाए हुए हैं। पहाड़ियों में हो रहे हिमपात से लाहुल और मनाली घाटी में ठंड और बढ़ गई है।

न्यूनतम तापमान

शिमला– 2.5
भुंतर– 2.5
कल्पा– -3.4
धर्मशाला– 2.2
मनाली– 3.0
हमीरपुर– 4.1
कुकुमसेरी– -7.1
रिकांगपिओ– -0.5
ताबो– -10.8

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मंगलवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। 7 से 12 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि ठंडी हवाओं के कारण शीतलहर का असर बना रहेगा।

Exit mobile version