Site icon Dainik Savera Times

Himachal Weather Update: कोहरे का अलर्ट जारी, न्यूनतम तापमान 10° से नीचे फिसला

शिमला: हिमाचल प्रदेश में ठंड अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है। पहाड़ी इलाकों में शीतलहर तेज हो गई है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान लगातार गिर रहा है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम पारा माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। पूरे प्रदेश में सिर्फ पांवटा साहिब ही ऐसा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग ने 28 नवंबर तक मैदानी जिलों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। शिमला में रात के तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि मंडी, सुंदरनगर और बिलासपुर में कई घंटों तक घना कोहरा छाया रहा।

जगह- जगह तापमान का हाल

राज्य के विभिन्न इलाकों में दर्ज न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा- शिमला 6.6°, सुंदरनगर 3.0°, भुंतर 2.4°, कल्पा 0.4°, धर्मशाला 7.3°, ऊना 6.8°, नाहन 9.9°, पालमपुर 4.5°, सोलन 2.6°, मनाली 1.1°, कांगड़ा 5.7°, मंडी 5.6°, हमीरपुर 4.9°, जुब्बड़हट्टी 8.2°, कुफरी 5.5°, कुकुमसेरी -4.5°, नारकंडा 3.6°, भरमौर 5.1°, रिकांगपिओ 2.9°, सेऊबाग 1.0°, बरठीं 7.0°, सराहन 5.0°, देहरा गोपीपुर 8.0°, नेरी 9.9° और बजौरा 2.7° सेल्सियस।

2 दिसंबर तक साफ मौसम, कोई बरसात नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार, हिमाचल में आने वाले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना है।

2 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी के संकेत नहीं

न्यूनतम तापमान में 4-5 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा

अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है

बिलासपुर जिले के भाखड़ा बांध क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में 28 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट

मंडी की बल्ह घाटी में हल्के से मध्यम कोहरे की आशंका

ये भी पढ़ें: SIR पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, 1 दिसंबर तक चुनाव आयोग से मांगा जवाब

NH-505 ग्रांफू–लोसर मार्ग अगले वर्ष तक बंद

कड़ाके की ठंड और सड़कों पर जमा ब्लैक आइस के कारण नेशनल हाईवे-505 का ग्रांफू–लोसर सेक्शन आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है।

इस बंदी के बाद:

ग्रांफू–कुंजुम दर्रा–लोसर होते हुए काजा की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। मनाली–अटल टनल–रोहतांग मार्ग से काजा जाने वाले पर्यटकों को अब अप्रैल–मई 2025 तक इंतजार करना होगा।

किन्नौर और रामपुर के रास्ते से काजा के लिए सफर जारी रहेगा

पहले ही मनाली–लेह हाईवे पर जिंगजिंगबार से सरचू के बीच यातायात बंद है। अब ग्रांफू-रोहतांग और एनएच-505 का यह हिस्सा भी बंद हो चुका है। लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने स्पष्ट किया है कि ग्रांफू-लोसर मार्ग पर वाहनों को किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने पर्यटकों से सभी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Exit mobile version