Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Weather: ताबो–शिमला में सीजन की कड़ाके की ठंड! दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

December 2, 2025

Himachal Weather: ताबो–शिमला में सीजन की कड़ाके की ठंड! दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

शिमला: हिमाचल प्रदेश में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। ऊपरी इलाकों में हुई ताज़ा बर्फबारी के बाद पूरे प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। स्पीति घाटी का ताबो इस सर्दी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राज्य की राजधानी शिमला में भी इस सीजन का सबसे ठंडा तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार को रोहतांग व कुंजुम दर्रा, बारालाचा, सेवन सिस्टर पीक सहित लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। कड़ाके की ठंड के कारण लाहौल के कई हिस्सों में नदी-नालों का पानी जमना शुरू हो गया है।

मुख्य शहरों का न्यूनतम तापमान

राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रात का तापमान इस प्रकार रहा- शिमला 5.0°C, सुंदरनगर 3.7°C, भुंतर 3.0°C, कल्पा 0.0°C, मनाली 2.7°C, सोलन 2.4°C, कुफरी 3.1°C, नारकंडा 2.4°C, कुकुमसेरी –2.7°C, रिकांगपिओ 2.2°C, ताबो –8.0°C, इसके अलावा ऊना, मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर सहित कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री के बीच रहा।

कब बदलेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में 5 और 7 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इस अवधि में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

2 से 4 दिसंबर: सुबह व देर रात कोहरा- येलो अलर्ट

अगले 24 घंटे: न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं

आगे 2–3 दिन: तापमान में 2–3°C की बढ़ोतरी

उसके बाद 2–3 दिन: अधिकतम तापमान में 2–3°C की गिरावट

ये भी पढ़ें: Haryana News: गीता महोत्सव में CM सैनी ने सरोवर में किया ‘दीपदान’, बोले- बहुत गर्व की बात…

1901 के बाद नौवीं सबसे कम नवंबर वर्षा

नवंबर 2025 हिमाचल के लिए रिकॉर्ड सूखा महीना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष नवंबर में सिर्फ 1.0 मिमी वर्षा हुई, जो 1901 के बाद से राज्य में नौवीं सबसे कम बारिश है। सामान्यत: इस अवधि में लगभग 19.7 मिमी वर्षा होती है, लेकिन इस बार 95% कम बारिश दर्ज की गई।

इतिहास में नवंबर महीने में सबसे अधिक वर्षा वर्ष 1925 में 88.5 मिमी दर्ज की गई थी। उल्लेखनीय है कि 1983 और 2021 में भी इसी तरह मात्र 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें