Site icon Dainik Savera Times

Himachal Weather: हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

Himachal Snowfall

Himachal Snowfall

हिमाचल डेस्कः प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आज रात से मौसम करवट बदल सकता है। राज्य में लगातार तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। हालिया बर्फबारी के चलते प्रदेश में अब भी करीब 400 सड़कें और इतने ही बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। हालांकि शुक्रवार को शिमला सहित कई क्षेत्रों में सुबह से धूप खिली रही। वहीं कुल्लू, लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्र में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

ये भी देखें :-

कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान

शुक्रवार को शिमला में 6.5, सुंदरनगर 5.8, भुंतर 4.8, कल्पा -0.4, धर्मशाला 3.4, ऊना 6.2, नाहन 8.5, पालमपुर 5.0, सोलन 3.4, मनाली 0.4, कांगड़ा 7.5, मंडी 7.0, बिलासपुर 8.0, जुब्बड़हट्टी 5.0, कुकुमसेरी -6.3, सेऊबाग 4.5, बरठीं 5.6, कसौली 8.9, पांवटा साहिब 9.0, सराहन -0.3, ताबो -10.2 और देहरा गोपीपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-5 डिग्री और अधिकतम तापमान में 4-8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।

कब तक खराब रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 जनवरी और 6 फरवरी को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। 1 फरवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का अनुमान है। इस दिन सभी जिलों में बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 2 और 3 फरवरी को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी। इसके बाद 4 और 5 फरवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें :- 

Exit mobile version