हिमाचल डेस्कः प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र के रानी सिद्धपुर गांव निवासी युवक रक्षित चौहान अमेरिका की हिरासत में है। रक्षित उस रूसी जहाज का क्रू मेंबर बताया जा रहा है, जिसे अमेरिका ने अपने कब्जे में लिया है। बेटे की सुरक्षित घर वापसी के लिए रक्षित की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी को वेनेजुएला में तेल खरीदने जा रहे एक जहाज को अमेरिका ने जब्त कर लिया था। इसी जहाज के क्रू मेंबर के रूप में हिमाचल प्रदेश के रक्षित चौहान भी सवार थे। रक्षित की मां ने बताया कि उनकी बेटे से आखिरी बार 7 जनवरी को बातचीत हुई थी। रक्षित की शादी 19 फरवरी को तय है और परिवार को उम्मीद है कि वह शादी से पहले सुरक्षित घर लौट आएगा। मां ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी उनके बेटे को सुरक्षित वापस लाएंगे।
ये भी देखें :- MGNREGA का नाम बदलने पर कांग्रेस का देशभर विरोध, भूख हड़ताल शुरू
7 जनवरी के बाद नहीं हो पाया संपर्क
रक्षित के बड़े भाई राहुल चौहान ने बताया कि 7 जनवरी को हुई अंतिम बातचीत में रक्षित ने बताया था कि वह ऐसे क्षेत्र में जा रहा है, जहां नेटवर्क की समस्या होगी और कुछ समय तक परिवार से संपर्क नहीं हो पाएगा। दो-तीन दिन बाद उन्हें जानकारी मिली कि रक्षित वाला जहाज अमेरिका के नियंत्रण में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जहाज में एक युवक केरल और एक गोवा का भी शामिल है। परिवार ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से मांग की है कि सभी भारतीय क्रू मेंबर्स को जल्द से जल्द रिहा कराया जाए।
अगस्त 2025 में ज्वाइन किया था रूसी कंपनी का जहाज
रक्षित के पिता रंजीत सिंह ने बताया कि रक्षित 1 अगस्त 2025 को विदेश गया था, जहां उसने एक रूसी कंपनी का जहाज ज्वाइन किया। चार-पांच महीने बाद कंपनी ने उसे वेनेजुएला से तेल लाने के लिए भेजा। जब जहाज वेनेजुएला की सीमा के पास पहुंचा तो कंपनी ने आगे न बढ़ने की सलाह दी, क्योंकि वहां संपर्क टूटने की आशंका थी। जहाज करीब दस दिन तक वहीं रुका रहा, बाद में कंपनी ने उसे वापस बुला लिया। इसी दौरान अमेरिका ने वेनेजुएला पर कार्रवाई की और जहाज को अपने कब्जे में ले लिया।
उन्होंने बताया कि पालमपुर के विधायक ने रक्षित से जुड़ी सभी जानकारियां मंगवाई हैं और शिमला जाकर मुख्यमंत्री से बेटे की सुरक्षित वापसी को लेकर बातचीत करने का आश्वासन दिया है।
भाजपा नेता ने दिया भरोसा
इधर, पालमपुर से भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने रक्षित के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से प्रयास कर रक्षित को सुरक्षित घर वापस लाया जाएगा।
ये भी पढे़ं :- ‘घर कब आओगे’: मिथून ने आगे बढ़ाई एक सशक्त संगीतमय विरासत

