Site icon Dainik Savera Times

कुल्लू में संगोष्ठी और कवि सम्मेलन के साथ मनाया हिंदी दिवस

Hindi Diwas Celebrated with Seminar : कुल्लू। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में देवप्रस्थ साहित्य और कला संगम कुल्लू , जिला भाषा विभाग, कुल्लू, एवं हिमाचल कला, संस्कृति भाषा अकादमी शिमला द्वारा देव सदन कुल्लू में हिंदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ।

पहले सत्र में संगोष्ठी हुई ,जबकि दूसरे सत्र में हिंदी कवि सम्मेलन हुआ। देवप्रस्थ साहित्य एवं कला संगम कुल्लू के अध्यक्ष तोबदन ने बताया कि प्रथम सत्र में “हिमाचल प्रदेश की समाज संरचना में देवी-देवताओं की भूमिका” नामक विषय पर संगोष्ठी हुई । प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि दानवेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि देव परंपरा संस्कार और परंपरा को जीवित रखवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवी देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोतराम ने की।

मुख्य वक्ता नेरी शोध संस्थान के निदेशक डॉ चेत राम ने मुख्य वक्ता के रूप में वक्तव्य देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को देव भूमि इसीलिये कहा जाता है क्योंकि यहां के देवी देवताओं ने समाज को जोड़े रखा है। मुख्य शोधपत्र वाचक डॉ सूरत ठाकुर ने कहा कि देवयात्रा एक दूसरे के साथ मेल मिलाप का उत्कृष्ट उदाहरण है। मेले त्योहार मनोरंजन के साथ मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं। संगोष्ठी में तोबदन, हीरा लाल ठाकुर, सत्यदेव नेगी, राजेंद्र चौहान, कमल किशोर शर्मा, टीकम राम, केशव राम, देवेंद्र गौड़ आदि ने भी अपने विचार रखें।

दूसरे सत्र में हिंदी कवि सम्मेलन हुआ। इस सत्र की अध्यक्षता प्रसिद्ध लोकगायक धर्मेंद्र शर्मा ने की।जिसमें मानवी शर्मा, चुनी लाल ठाकुर, वैशाली विष्ट, पल्लवी ठाकुर, सोम प्यारे आदि कवियों ने कविता पाठ किया। जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने सभी विद्वानों, देव प्रतिनिधियों और कवियों का हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद किया।

Exit mobile version