Site icon Dainik Savera Times

शहद से बढ़ाई कमाई, प्राकृतिक उत्पादों को मिल रही पहचान

Honey-Based Products Attract Customers : कुल्लू। मनाली विधानसभा क्षेत्र के फोजल गांव के किसान एवं मधुमक्खी पालक पुरुषोत्तम शर्मा ने शहद से कई अनूठे उत्पाद तैयार कर स्वरोजगार की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने शहद में देसी घी, बिच्छू बूटी और बुरांश मिलाकर बिना प्रिजर्वेटिव वाला स्प्रेड तैयार किया है। इसके अलावा शहद में काला जीरा, अदरक, बुरांश और नींबू मिलाकर पेय पदार्थ भी बनाए हैं। सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर के सहयोग से तैयार इन उत्पादों को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

इतना ही नहीं किसान पुरुषोत्तम ने शहद के साथ काला जीरा, अदरक, बुरांश को मिलाकर पेय पदार्थ की तैयार किए है। जो सेहत के लिए काफी अच्छे हैं और लोगों ने पसंद भी कर रहे हैं। जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में फोजल गांव के रहने वाले किसान पुरुषोत्तम शर्मा के द्वारा नाबार्ड के सहयोग से अपना स्टॉल लगाया गया है। ऐसे में शहद के साथ विभिन्न तरह के प्राकृतिक मिश्रण को लेकर उनके द्वारा उत्पाद तैयार किए गए हैं और ग्राहकों के द्वारा भी इन्हें खूब पसंद किया जा रहा है। किसान पुरुषोत्तम ने बताया कि यह सब उत्पाद उन्होंने सीएसआईआर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान (CSIR-IHBT) वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) पालमपुर के सहयोग से तैयार किए है।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/11/1001218562-1.mp4

उनका कहना है कि वह पहले किसान थे और उसके बाद उन्होंने मधुमक्खी पालन का काम भी शुरू किया। ऐसे में जब उनके पास शहद का काफी अधिक मात्रा में उत्पादन होने लगा। तो इसे बाजार में बेचने के लिए भी समस्या आने लगी। ऐसे में उन्होंने सीएसआईआर के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ संपर्क किया और उनके साथ मिलकर इसी के उत्पाद तैयार करने के बारे में सोचा। सीएसआईआर के तत्वाधान में उन्हें 1 साल का प्रशिक्षण भी दिया गया और उन्होंने हिमाचल में पहली बार शहद से बने पेय पदार्थ और विभिन्न जड़ी बूटियां के मिश्रण से शहद का स्प्रेड भी तैयार किया है। जो पूरी तरह से प्राकृतिक है और यह बिना किसी केमिकल के तैयार किया गया है। ऐसे में अब शहद के उत्पादन से जहां उन्हें कमाई हो रही है, तो वहीं विभिन्न तरह के उत्पाद बनाने से भी उन्हें आर्थिक रूप से फायदा हो रहा है।

किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ मिलकर इस कारोबार को कर रहे हैं और पूरा परिवार इस तरह के उत्पाद बनाने, पैकिंग करने और बाजार में बेचने में उनका सहयोग कर रहा है। किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि यह सब उत्पाद बनाने का आईडिया उनके दिमाग में तब आया। जब वह अपने किसी रिश्तेदार से मिलते थे। तो वह बताते थे कि उन्हें ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल सहित अन्य बीमारियां हो गई है और डॉक्टर के द्वारा उन्हें बाजार में डिब्बा बंद जूस तथा अन्य उत्पादों के प्रयोग के लिए मना किया गया है। फिर उनके दिमाग में ख्याल आया कि क्यों ना वह शहद से ही विभिन्न तरह के उत्पाद तैयार करें जो किसी भी बीमारी में मरीजों के द्वारा आसानी से लिया जा सकता है।

अब उनकी ओर से शहद काला जीरा, शहद अदरक, शहद बुरांश, शहद और नींबू के साथ मिलकर चार तरह के पदार्थ तैयार किए गए हैं। इसके अलावा पहली बार शहद के साथ बिच्छू, शहद के साथ बुरांश और शहद के साथ घी को मिलाकर स्प्रेड भी तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते 2 सालों से वह यह काम कर रहे हैं और धीरे-धीरे अब लोग भी उनके उत्पादों को पसंद कर रहे हैं। किसान पुरुषोत्तम का कहना है कि उन्होंने पहली बार पालमपुर में सीएसआईआर में ही आयोजित प्रदर्शनी में अपने उत्पादों को अवलोकन के लिए रखा था। जहां पर लोगों के द्वारा उन्हें काफी पसंद किया गया।

जिला कुल्लू में भी विभिन्न दुकानों में वह अपने उत्पाद बेचने के लिए दे रहे हैं। जिसे सैलानी भी पसंद कर रहे हैं। ऐसे में अब उनका प्रयास है कि जो भी नाबार्ड या अन्य माध्यमों से प्रदर्शनी प्रदेश या देशभर में लगाई जाएगी। वहां पर वह अपने उत्पाद ले जाएं। ताकि लोगों को बिना केमिकल युक्त शहद से बने उत्पादों को चखने का अवसर मिलेगा और लोग अपनी सेहत को भी अच्छी तरह से सुधार पाएंगे।

Exit mobile version