Honouring the families of martyrs : मंडी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने आज कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के टिहरा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने वीर नारियों, शहीदों के परिजनों एवं वीर सैनिकों को सम्मानित किया।
35 लाख के युद्ध स्मारक का लोकार्पण
देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में लगभग 35 लाख से यहां स्थापित युद्ध स्मारक परिसर का लोकार्पण किया और पुष्पचक्र अर्पित कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भारतीय भूतपूर्व सैनिक लीग (हिमाचल प्रदेश) एवं टिहरा इकाई तथा डीएवी स्कूल ग्रियोह के एनसीसी कैडेट्स के आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। गृह रक्षक बैंड की मधुर धुन पर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
वर्ष 1999 में कारगिल में अघोषित युद्ध लड़ा गया और ऑपरेशन विजय में प्रदेश के 52 सैनिक शहीद हुए थे, जिनमें 12 वीर सैनिक मंडी जिला के थे। इस ऑपरेशन के दौरान देश के जिन 4 जवानों को परमवीर चक्र प्रदान किए गए हैं, उनमें से दो शहीद कैप्टन विक्रम बत्तरा (मरणोपरांत) और सेवारत सिपाही (अब सूबेदार मेजर) संजय कुमार हिमाचल से संबंध रखते हैं। उन्होंने वीरभूमि हिमाचल के युवाओं के ज़ज्बे की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्र की रक्षा के लिए वे सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हमारे वीर जवानों, उनके आश्रितों और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है।
स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने कारगिल शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान पीढ़ीयों को देश की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। हमारे वीर जवानों ने जहां राष्ट्र के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, वहीं उनके परिजनों के त्याग एवं समर्पण को भी कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह टिहरा में आयोजित करने तथा विधायक निधि से निर्मित युद्ध स्मारक के लोकार्पण के लिए प्रदेश सरकार व सैनिक कल्याण मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की स्थानीय मांगों एवं यहां हो रहे विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर (रि.) मदनशील शर्मा, आईईएसएल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल खेम सिंह तथा आईईएसएल टीहरा इकाई के अध्यक्ष रमेश तपवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह के दौरान विभिन्न देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां दी गईं।