Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

झूठी गारंटी से कब तक करेंगे सत्ता पर राज : Govind Thakur

November 25, 2023

झूठी गारंटी से कब तक करेंगे सत्ता पर राज : Govind Thakur

शिमलाः हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि राज्य में पशुपालक अब इस दिन का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कब कांग्रेस सरकार उनसे दो रुपए प्रति किलो के हिसाब से गोबर खरीदेगी और कब रोजाना उनका 10 लीटर दूध खरीद जाएगा। कांग्रेस सरकार ने झूठी गारंटी देकर सत्ता तो हथिया ली। लेकिन झूठे वादों पर आखिर कब तक वह टिके रहेंगे। ठाकुर ने शनिवार को कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सोशल मीडिया में भी कांग्रेस पार्टी व उनके नेता आम जनता के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। आम जनता कांग्रेस सरकार की झूठी गारंटी को आज जान चुकी है और सरकार से जनता खुले मंच से भी इस सवाल को पूछ रही है कि आखिर कब कांग्रेस सरकार अपनी इन गारंटीयों को पूरा करेगी।

ठाकुर ने कहा कि आज ना तो महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 आए और ना ही प्रदेश में 300 यूनिट बिजली फ्री की गई बल्कि सरकार की गलत नीतियों के चलते हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को भी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश सरकार के द्वारा जो बाहरी राज्यों के वाहनों पर गलत तरीके से टैक्स बढ़ाया गया। उस कारण हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल आज सूने पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि बागवान ही अपने फलों की कीमत तय करेंगे। यह दोनों गारंटी भी अभी तक सरकार के द्वारा पूरी नहीं की गई है और ना ही प्रदेश में युवाओं के लिए भी 680 करोड रुपए के स्टार्टअप फंड को शुरू किया गया। युवाओं को प्रदेश में रोजगार देना तो दूर बल्कि उनके रोजगार को छीनने का प्रयास भी कांग्रेस सरकार के द्वारा किया गया। आज सरकार के गलत नीतियों के चलते युवा सड़कों पर बेरोजगार घूम रहे हैं।

ठाकुर का कहना है कि अपनी झूठी गारंटी में कांग्रेस ने कहा था कि हर विधानसभा में चार अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। यह सब बातें आज धरातल पर कहीं भी नजर नहीं आ रही है और कांग्रेस के नेता सिर्फ सत्ता सुख भोगने में लगे हुए हैं। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर का कहना है कि इसके अलावा मोबाइल क्लीनिक के माध्यम से हर गांव में मुफ्त इलाज करने की बात कही गई थी। आज प्रदेश की जनता कांग्रेस के नेताओं से गारंटी पूरी करने के बारे में सवाल पूछ रही है। तो वह जनता को फिर से ठगने में लगे हुए हैं कि आगामी पांच सालों के भीतर इन सभी गारंटी को पूरा किया जाएगा। लेकिन अब हिमाचल की जनता इस बात को जान चुकी है कि कांग्रेस सत्ता हथियाना के लिए किसी भी स्तर की राजनीति कर सकती है। अब इसका खामियाजा कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में भुगतना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें