Site icon Dainik Savera Times

किसानों-बागवानों की आवाज बुलंद करेगी किसान कांग्रेस, सेब पर आयात शुल्क का मुद्दा उठाया

Shimla News

Shimla News

शिमला। हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों और बागवानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनकी आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का ऐलान किया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा ने केंद्र सरकार पर हिमाचल के सेब बागवानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

रवि शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के सेब बागवानों से जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत विदेशों से आयात होने वाले सेब पर आयात शुल्क कम किए जाने से हिमाचल के बागवानों को अपने उत्पाद के उचित दाम हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी सेब से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण स्थानीय बागवानों को उनकी लागत के अनुरूप मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शिमला जिला किसान कांग्रेस के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों के गठन का कार्य अंतिम दौर में है।

रवि शर्मा ने कहा कि किसान कांग्रेस कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के अनुरूप किसानों और बागवानों के हितों के लिए लगातार काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा किसानों और बागवानों के हितों का संरक्षण किया है, जबकि मौजूदा केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों और बागवानों की उपेक्षा चिंता का विषय है। किसान कांग्रेस आने वाले समय में इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version