सरकाघाट: सरकाघाट की ओर आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की गोभड़ता बस शुक्रवार सुबह समसौह पंचायत के अंतर्गत चन्दैस के समीप गांव हवाणी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में चालक व परिचालक सहित कुल 8 सवारियां घायल हो गईं। सूचना मिलते ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के उपरांत दो घायलों की हालत गंभीर पाई गई जिनमें कौशल्या देवी (66) पत्नी कश्मीर सिंह, गांव व डाकघर गैहरा, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी तथा बस चालक दिनेश कुमार (52) पुत्र जालम राम, गांव व डाकघर पटड़ीघाट, तहसील बल्द्वाड़ा, जिला मंडी शामिल हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
अन्य घायलों में कांता देवी (66) पत्नी कश्मीर सिंह, गांव/डाकघर गैहरा, तहसील सरकाघाट, निशा देवी (27) पत्नी अश्वनी कुमार, गांव/डाकघर सूरजपुर बाड़ी, तहसील सरकाघाट, खडकू राम (62) पुत्र संतराम, गांव जनीहण, डाकघर गैहरा, तहसील सरकाघाट, कौशल्या (66) पत्नी किशन, गांव/डाकघर गैहरा, तहसील सरकाघाट, ब्राह्मी देवी (63) पत्नी कुफरू, डाकघर गैहरा, तहसील सरकाघाट तथा सागरू राम (28) पुत्र हेमराज, गांव जखोहल, डाकघर बरोट, तहसील पधर, जिला मंडी शामिल हैं।
अस्पताल प्रभारी डॉ. संजीव ने बताया कि शेष सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है। एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम द्वारा सभी घायलों को 5-5 हजार की फौरी राहत प्रदान की गई। कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर, स्थानीय विधायक दिलीप ठाकुर तथा पूर्व मंत्री रंगीला राम राव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार मनीष कुमार और जिला परिषद सदस्य मनीष शर्मा भी उपस्थित रहे।

