Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुन्दरनगर-कपाही सड़क पर एचआरटीसी बस हादसे का शिकार होते-होते बची

August 6, 2026

सुन्दरनगर-कपाही सड़क पर एचआरटीसी बस हादसे का शिकार होते-होते बची

सुंदरनगर : उपमंडल के सुंदरनगर-कपाही मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। डोहड़वाँ के पास मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस चढ़ाई वाले मोड़ पर सड़क पर बिछाई गई चिकनी मिट्टी के कारण फिसल गई। हालांकि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरसात के मौसम में सड़क की मरम्मत के नाम पर लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर चिकनी मिट्टी डाल दी गई थी।

बारिश के कारण यह मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। इसी वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटना का शिकार होते-होते बची। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र के लोगों ने पहले ही विभाग को चढ़ाई वाले मार्ग पर मिट्टी न डालने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैली कीचड़ और चिकनी मिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। आए दिन बाइक और स्कूटी सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं, लेकिन विभाग केवल खानापूर्ति करने में लगा है। ग्रामीणों और यात्रियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि चढ़ाई वाले और संवेदनशील मार्गों पर मिट्टी डालने का कार्य तुरंत बंद किया जाए तथा मरम्मत के लिए केवल पत्थर और पक्की निर्माण सामग्री का ही उपयोग किया जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान जोखिम में न पड़े।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों की मुरम्मत जिम्मेदारी के साथ होनी चाहिए, केवल खानापूर्ति नहीं, क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस बारे में अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुन्दरनगर रोशन ठाकुर ने बताया कि इस सड़क पर गटका डाला गया है। जबकि इस सड़क को बहाल रखने के लिए जेसीबी और टिप्पर मौके पर रखे हैं। फिर भी इस मामले की रिपोर्ट तलब की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें