Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाइनों में नहीं खाने पड़ेंगे धक्के… अब ऑनलाइन बनेंगे HRTC बसों के पास, स्कूली छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत

February 12, 2026

लाइनों में नहीं खाने पड़ेंगे धक्के… अब ऑनलाइन बनेंगे HRTC बसों के पास, स्कूली छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत

हिमाचल डेस्कः राजधानी शिमला के कान्वेंट और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को इस बार बस पास बनवाने के लिए एचआरटीसी (हिमाचल पथ परिवहन निगम) के काउंटरों पर घंटों कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। परिवहन निगम ने बस पास के लिए ‘हिम एक्सेस’ ऐप पर ऑनलाइन सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रबंधन की ओर से https://himaccess.hp.gov.in पर यह सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट का कार्य जारी है। अभिभावक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और उसके बाद काउंटर से बस पास प्राप्त कर पाएंगे।

ये भी पढ़ें :-

2 हजार से अधिक विद्यार्थियों को HRTC सुविधा उपलब्ध

शहर के निजी और कान्वेंट स्कूलों के दो हजार से अधिक विद्यार्थियों को एचआरटीसी हर वर्ष बस सुविधा उपलब्ध कराता है। इसके लिए 40 से अधिक बसों का संचालन किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रियायती दरों पर परिवहन सुविधा प्रदान करना है। हालांकि, बसों की कमी के कारण इस वर्ष स्कूल बसों की व्यवस्था को लेकर निगम को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलेक्ट्रिक बसें तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी हैं और मरम्मत कार्य लंबित होने से उनका संचालन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में इस बार निजी स्कूलों को कितनी बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी, इस पर प्रबंधन स्तर पर मंथन जारी है।

शहर में टैक्सी सेवा महंगी होने के कारण दो हजार से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को एचआरटीसी की स्कूल बसों से भेजते हैं। हर वर्ष बस पास बनवाने के लिए काउंटरों पर भारी भीड़ उमड़ती है। कई अभिभावक सुबह चार बजे से ही लाइन में लग जाते थे, ताकि बच्चों को परिवहन सुविधा मिल सके। ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से उन्हें इस परेशानी से राहत मिलेगी। हालांकि पास प्राप्त करने के लिए काउंटर पर जाना अभी भी आवश्यक रहेगा। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि निजी स्कूलों के बस पास ऑनलाइन जारी करने के लिए सॉफ्टवेयर पर काम चल रहा है।

अभिभावकों को खुद करनी होगी बच्चों के परिवहन की व्यवस्था

राजधानी शिमला के निजी और कान्वेंट स्कूल इसी माह खुल रहे हैं। ऐसे में जब तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं होती और बस पास जारी नहीं किए जाते, तब तक अभिभावकों को बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। एचआरटीसी आमतौर पर मार्च से स्कूल बसों का संचालन शुरू करता है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और पास जारी होने के बाद ही बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

सीआईएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं वीरवार से शुरू होंगी। शिमला सहित प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन मनोविज्ञान विषय की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक चलेंगी। 13 फरवरी को अंग्रेजी, 14 फरवरी को आर्ट पेपर-3 और लीगल स्टडीज, 16 फरवरी को इंग्लिश पेपर-2, 20 फरवरी को अकाउंट्स और 23 फरवरी को केमिस्ट्री पेपर-1 की परीक्षा होगी। आईसीएसई (ICSE) 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

ये भी देखें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें