हिमाचल डेस्कः बिलासपुर जिले में शनिवार सुबह एचआरटीसी की बस हादसे का शिकार हो गई। बिलासपुर से धर्मशाला जा रही यह बस घुमारवीं के पास घंडालवीं के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में उतर गई। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें :-
जानकारी के अनुसार, बस रोजाना सुबह 7 बजे बिलासपुर से घुमारवीं, भराड़ी और लदरौर होते हुए धर्मशाला के लिए रवाना होती है। हादसे के समय 20 से अधिक यात्री सवार थे। तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण हट गया और बस नाली पार कर खेतों में जा घुसी। यात्रियों में दहशत मच गई, जबकि 8-10 को मामूली चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। परिवहन निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दूसरी बस से यात्रियों को गंतव्य भेजा। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन की तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है।
ये भी देखें :-

