Site icon Dainik Savera Times

Himachal: लाहौल-स्पीति की मयाड़ घाटी में दर्दनाक हादसा, एचआरटीसी परिचालक की पत्थर गिरने से मौत

हिमाचल प्रदेश की दुर्गम मयाड़ घाटी में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के केलांग डिपो में कार्यरत परिचालक ज्ञान सिंह की पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें :-

हादसे का विवरण

जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की बस बुधवार को उदयपुर से मयाड़ घाटी के खंजर रूट के लिए रवाना हुई थी। हालांकि, मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण बस करपट से आगे नहीं जा सकी। इसके बाद गुरुवार सुबह बस वापस उदयपुर लौट रही थी। सुबह करीब 7:10 बजे धोंदल नाला के पास बस रुकी। इसी दौरान परिचालक ज्ञान सिंह नाले के समीप हाथ-मुंह धो रहे थे। तभी अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा, जो सीधे उनके सिर पर आ लगा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान

मृतक की पहचान मंडी जिले की लाड़भरोल तहसील के पंजालाग गांव निवासी ज्ञान सिंह के रूप में हुई है। उनके आकस्मिक निधन से एचआरटीसी कर्मचारियों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बस चालक और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस थाना उदयपुर को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेजा गया है। सीएमओ केलांग का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे डॉ. मनोज कुमार गांधी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

विधायक ने जताया शोक

लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने एचआरटीसी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

ये भी पढ़ें :-

Exit mobile version