शिमला: हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी पेंशनरों का अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शिमला के पुराने बस अड्डे के बाहर एचआरटीसी पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया। पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि आज का धरना केवल सांकेतिक है। यदि सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों ने सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से वे अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बार-बार आश्वासन ही मिल रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव में पेंशनरों को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन कर्मचारियों ने अपना पूरा जीवन हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवा में लगा दिया, आज उन्हें अपने ही हक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं एक बस चालक के बेटे हैं। ऐसे में एचआरटीसी कर्मचारियों और पेंशनरों को उनसे काफी उम्मीदें थीं। पेंशनरों को विश्वास था कि मुख्यमंत्री उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियों और निगम में कर्मचारियों के योगदान को समझेंगे, लेकिन उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हो पाईं। पेंशनरों का कहना है कि सरकार को उनके दर्द को समझते हुए लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।
नादौन और हरोली में मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री की घेराबंदी की तैयारी
पेंशनरों ने चेतावनी दी कि शिमला में प्रदर्शन के बाद आंदोलन को प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाया जाएगा। इसके तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली में जाकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पेंशनरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
इन मांगों को लेकर भड़का है पेंशनरों का गुस्सा
एचआरटीसी पेंशनरों की प्रमुख मांगों में लंबित महंगाई भत्ते (डीए) और उसके एरियर का भुगतान, संशोधित वेतनमान की 50 हजार रुपये की बकाया किस्त ब्याज सहित जारी करना, नियमित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करना और लंबित चिकित्सा बिलों का भुगतान शामिल है। इसके अलावा जुलाई 2025 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन शुरू करने, सितंबर 2024 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट देने तथा 20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले परिचालकों को दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां देने की मांग भी उठाई जा रही है।
पेंशनरों का आरोप है कि अन्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को वित्तीय लाभ मिल रहे हैं, लेकिन एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके हक के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। पेंशनरों के अनुसार, बढ़ती महंगाई और उम्र के इस पड़ाव में दवाइयों, इलाज और घरेलू खर्चों का बोझ उठाना मुश्किल होता जा रहा है।
अब सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें
पेंशनरों ने साफ कर दिया है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। उन्हें अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई और भुगतान की समयसीमा चाहिए। उनका कहना है कि निगम को अपनी सेवाएं देने वाले बुजुर्ग कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। शिमला में हुए प्रदर्शन के बाद अब सबकी निगाहें सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के रुख पर टिकी हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो नादौन और हरोली में प्रस्तावित आंदोलन सरकार के लिए नई चुनौती बन सकता है।
📍 Location: शिमला (शिमला)