हिमाचल डेस्कः हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा की घोषणा की है। इस सुविधा के तहत उम्मीदवार अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक तथा परीक्षा के बाद वापस घर लौटने के लिए HRTC की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
ये भी पढे़ं :-
एचआरटीसी प्रबंधन ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। निगम के अनुसार, यह सुविधा केवल 20 जून से 22 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी और केवल एक बार परीक्षा केंद्र जाने तथा एक बार वापस आने की यात्रा के लिए मान्य होगी।
एडमिट कार्ड दिखाना होगा अनिवार्य
मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना NEET एडमिट कार्ड साथ रखना और कंडक्टर को दिखाना अनिवार्य होगा। एडमिट कार्ड ही उम्मीदवार की पहचान, निवास स्थान तथा परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
केवल साधारण बसों में मिलेगी सुविधा
निगम ने स्पष्ट किया है कि निशुल्क यात्रा की सुविधा केवल HRTC की साधारण बसों में ही उपलब्ध होगी। सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए संबंधित कंडक्टर एडमिट कार्ड पर यात्रा संबंधी आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करेंगे।
यात्रा विवरण का रखा जाएगा रिकॉर्ड
एचआरटीसी ने कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे मुफ्त यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में दर्ज करें। यह जानकारी संबंधित यूनिट के टिकट मूल्यवर्ग सेल में जमा कराई जाएगी। यूनिट अधिकारी इन अभिलेखों को सुरक्षित रखेंगे तथा सभी आंकड़ों को संकलित कर प्रधान कार्यालय भेजेंगे। रिपोर्ट में यात्रा की तिथि, लाभान्वित अभ्यर्थियों की संख्या और कुल किराया राशि का विवरण शामिल होगा।
उप प्रबंधक (सीपी/आईटी) राजेश शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
ये भी पढे़ं :-

