Site icon Dainik Savera Times

अगर हिमाचल बेचा नहीं है तो सब कुछ छिपा क्यों रहे हैं मुख्यमंत्री: जयराम ठाकुर

शिमला: फागू में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोलते हैं। अगर उन्होंने हिमाचल की संपत्तियां बेची नहीं हैं तो तथ्य छिपा क्यों रहे हैं? उन्हें अपना मुंह छिपाने के बजाय प्रदेश के लोगों को स्वयं बताना चाहिए था कि उन्होंने क्या किया है? इससे प्रदेश को कैसे फायदा होगा? पीपीपी का क्या मॉडल उन्होंने अपनाया है? क्या प्रक्रिया अपनाई है? वह लोगों को बताने के बजाय सिर्फ इस प्रयास में लगे हैं कि किसी तरह से कागज बाहर न आने पाएं, किसी को कुछ पता न चल जाए। छिपाता वही है, जिसे सच बोलने से डर लगता है। उन्हें एचपीटीडीसी के पुराने होटलों ही नहीं, पीटरहॉफ और हिमाचल निकेतन के बारे में भी प्रदेशवासियों को बताना चाहिए कि इसे कौन बना रहा है? यह सब किसे दे रहे हैं? क्यों दे रहे हैं? वाइल्ड फ्लावर हॉल को नीलाम करने में कितनी पारदर्शिता बरती गई है? सवाल कई हैं, जिनका जवाब मुख्यमंत्री झूठ बोलकर या लोगों को गुमराह करके नहीं दे पाएंगे। सिर्फ टैक्स और सेस लगाकर प्रदेश को प्रताड़ित करके सरकार चलाने का प्रयास हो रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ सरकार सिर्फ इवेंटबाजी में व्यस्त है। दिखावे से नहीं, ईमानदारी से सख्त कार्रवाई से इस समस्या से निपटा जा सकता है। इस इवेंट की इकोनॉमिक्स का अलग ही खेल है, जो आगे सामने आएगा। लेकिन मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि टी-शर्ट पर अपनी फोटो छापने से प्रदेश से नशा खत्म नहीं होगा। लोग सड़कों पर मर रहे हैं, आए दिन युवाओं की मौत हो रही है। दुखद यह है कि बहुत से युवाओं की मौत रिकॉर्ड में भी नहीं आ पाती है। उन्होंने कहा कि कई बार मुख्यमंत्री को अपने इस इवेंट के मंच पर कौन-कौन से लोग होते हैं और उनका अतीत क्या है, इसका भी ध्यान रखना चाहिए। प्रदेश में नशे से निपटने के लिए सरकार को गंभीरता से प्रयास करने होंगे। साथ ही प्रदेश के लोग जानना चाहते हैं कि 18 अगस्त को पुलिस द्वारा छह करोड़ की ड्रग्स पकड़ने के मामले में, जब पुलिस मुख्य सप्लायर को पकड़ने का दावा कर रही है, तो शिमला में उसे मंगवाने वाले के बारे में जानकारी क्यों नहीं मिल पा रही है?

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह सुक्खू सरकार का आखिरी शीतकालीन सत्र है। इसलिए उम्मीद है कि मुख्यमंत्री ईमानदारी से विपक्ष के सवालों के जवाब देंगे। चार साल से जिस तरह मुख्यमंत्री झूठ बोलकर, टैक्स और सेस लादकर तथा सुविधाएं छीनकर जनता को परेशान करते हुए जवाब दे रहे हैं, उन्हें अपना रवैया बदलना होगा। प्रदेश ने सदन को गुमराह करने वाला मुख्यमंत्री पहली बार देखा है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता चलाने वाले मुख्यमंत्री सूचना एकत्र करने के नाम पर सवालों का जवाब देने से भाग रहे हैं।  वह उम्मीद करते हैं कि सरकार इस बार प्रतिशोध और लोगों को गुमराह करने की भावना छोड़कर रचनात्मक सोच के साथ काम करेगी और मुख्यमंत्री झूठ बोलकर सदन की गरिमा नहीं गिराएंगे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version