शिमला: आईजीएमसी में डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट का मामला आपसी समझौते के साथ समाप्त हो गया है। डॉक्टर राघव निरूला और मरीज अजरुन पंवार के बीच सहमति बनने के बाद दोनों पक्षों ने मीडिया के सामने एक-दूसरे से और प्रदेशवासियों से माफी मांगी। समझौते के दौरान दोनों ने गले मिलकर विवाद खत्म होने का संदेश दिया। यह घटना 22 दिसंबर को सामने आई थी, जिसके बाद पूरे प्रदेश के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। इससे तीन दिनों तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
डॉक्टर राघव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने की बात कही। वहीं मरीज अजरुन ने भी माफी मांगते हुए कहा कि उनकी वजह से अन्य मरीजों को जो परेशानी हुई, उसके लिए वे प्रदेशवासियों से क्षमा चाहते हैं। मरीज अजरुन के माता-पिता ने भी समझौते पर संतोष जताते हुए कहा कि आपसी सहमति से मामला सुलझना सभी के हित में है। उन्होंने प्रशासन और मध्यस्थता करने वालों का आभार व्यक्त किया।

