शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 11वां बजट सत्र आज से आरंभ होने जा रहा है। बजट सत्र के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शिमला जिला पुलिस ने व्यापक और बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिला प्रशासन, गुप्तचर विभाग और विधानसभा अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे शिमला शहर को विशेष सुरक्षा घेरे में लिया गया है। सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का समन्वय और संचालन पुलिस उपमहानिरीक्षक दक्षिण खंड शिमला की देखरेख में किया जा रहा है।
विधानसभा सत्र के दौरान संभावित धरना-प्रदर्शन, रैलियों और अन्य गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों को चार पुलिस सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनकी निगरानी में पुलिस बल तैनात रहेगा। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सभी अधिकारियों और जवानों को ड्यूटी, सतर्कता और आपात स्थिति से निपटने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
शहर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए 14 फरवरी 2026 से ही संवेदनशील स्थानों और प्रमुख नाका बिंदुओं पर 24़7 पुलिस तैनाती कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीमों को भी सक्रिय रखा गया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग की विशेष शाखा के कर्मचारी सादे कपड़ों में तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर रहे हैं। बजट सत्र के दौरान कुल 872 पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है।
इसमें राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में आरक्षी, महिला आरक्षी, कम्युनिकेशन स्टाफ, होमगार्ड जवान और विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो शामिल हैं। क्विक रिएक्शन टीम, विशेष सुरक्षा इकाई और अन्य विशेष दलों को भी विभिन्न स्थानों पर अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। शिमला शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। आम जनता से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय किया गया है और आवश्यकता पड़ने पर डिजिटल वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
जिला प्रशासन ने शहर को पांच प्रशासनिक सेक्टरों में विभाजित कर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आगंतुकों से सुरक्षा जांच में सहयोग करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा बजट सत्र को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...