Site icon Dainik Savera Times

16.77 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Inauguration and foundation stone of development projects : शिमला। प्रदेश सरकार में लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चायली तथा नगर निगम के मज्याट क्षेत्र में लगभग 16.77 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

90 लाख की गड़ावग संपर्क सड़क का शिलान्यास

ग्राम पंचायत चायली के टुटू में मंत्री ने 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गड़ावग संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के शहरी क्षेत्र के साथ-साथ शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है और अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गड़ावग संपर्क सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सड़क का निर्माण कार्य अगले छह से सात माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चायली सड़क, खेल मैदान और जिम को मिली सौगात

उन्होंने बताया कि चायली खुर्द सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के अंतर्गत लाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भविष्य में इस सड़क को कलावट गांव होते हुए धार कुफर मार्ग से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि चायली पंचायत में खेल मैदान निर्माण की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा तथा गड़ावग तक संचालित एचआरटीसी टैक्सी सेवा का समय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में जिम निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

15 करोड़ के आधुनिक वाहन पुल का शिलान्यास

इस अवसर पर ग्राम पंचायत चायली के प्रधान जितेंद्र ठाकुर ने पंचायत में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विभिन्न मांगें रखीं, जिन पर मंत्री ने चरणबद्ध ढंग से कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को सम्मानित भी किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूजा कला मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके उपरांत लोक निर्माण मंत्री ने टुटू रेलवे स्टेशन के समीप लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक वाहन पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा शेष राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराकर एक वर्ष के भीतर पुल निर्माण पूरा किया जाएगा। पुल बनने से रेलवे स्टेशन क्षेत्र का संपर्क मज्याट वार्ड से सुगम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि टुटू एवं मज्याट क्षेत्र के विकास के लिए 5.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से लगभग 3.25 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं तथा शेष राशि से विकास कार्य प्रगति पर हैं। इस अवसर पर नगर निगम पार्षद अनीता शर्मा ने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सोहन लाल, चिरंजी लाल कश्यप, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तनवर, बीडीसी अध्यक्ष जीत सिंह, मज़्याठ वार्ड अनीता शर्मा, उर्मिल कश्यप,शीला शर्मा, सीमा नंदा, सुषमा कुठियाला, दलीप थापा, कांता सूर्याल, वीरेंद्र ठाकुर, राम रतन वर्मा, चमन प्रकाश, अश्वनी कुठियाला, बीडीसी सदस्य विशाल ठाकुर, प्रेमलता एवम् लालचंद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरी कृष्ण हिमराल, राज्य कांग्रेस महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, टुटू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सदस्या प्रभा ठाकुर, बीडीओ टूटू, आरओ वन, स्थानीय चायली पंचायत प्रधान जितेंद्र ठाकुर, उप प्रधान वेद प्रकाश,, टुटू-मझ्ठाई पंचायत प्रधान लता कुमारी, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर, टुटू ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष परवीन ठाकुर, पूर्व प्रधान प्रेम ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता लाल चंद, देव नगर पंचायत पूर्व प्रधान किरण शर्मा, प्रधान महिला मंडल रेखा ठाकुर, आसपास की पंचायतों के अन्य पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के समस्त प्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में नगर निगम एवम् पंचायत क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version