कुल्लू। आयकर विभाग कुल्लू ने सोमवार अपराह्न पतलीकूहल में व्यापार मंडल और सब्ज़ी मंडी के सहयोग से आयकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों, करदाताओं और अन्य हितधारकों को आयकर अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देकर स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान आयकर आयुक्त-1 चंडीगढ़ शालिनी भार्गव कौशल के दिशा-निर्देश तथा संयुक्त आयकर आयुक्त शिमला रेंज केशव कुमार आनंद के मार्गदर्शन में आयकर अधिकारी कुल्लू कृष्ण लाल की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सही आयकर रिटर्न प्रपत्र के चयन, निर्धारित समय-सीमा के भीतर आयकर रिटर्न दाखिल करने, अग्रिम कर का समय पर भुगतान, स्रोत पर कर कटौती एवं स्रोत पर कर संग्रह के प्रावधानों, वार्षिक सूचना विवरण तथा प्रपत्र 26एएस के मिलान, ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने के पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं, गलत कटौती एवं कर छूट के दावों से बचने तथा रिटर्न भरते समय होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान व्यापारियों और करदाताओं ने आयकर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया। साथ ही उन्हें आयकर विभाग की डिजिटल एवं ऑनलाइन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और समय पर सही आयकर रिटर्न दाखिल करने तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
आयकर विभाग ने कहा कि समय पर और सही कर अनुपालन प्रत्येक करदाता का वैधानिक दायित्व है। इससे राष्ट्र निर्माण, आर्थिक विकास और पारदर्शी कर व्यवस्था को मजबूती मिलती है। विभाग ने सभी करदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सही एवं पूर्ण विवरण के साथ अपना आयकर रिटर्न दाखिल करने तथा विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर आयकर अधिकारी कृष्ण लाल, आयकर निरीक्षक हेम राज, कार्यालय अधीक्षक सोनम छेरिंग, कर सहायक ताबे राम, कुंजलाल, सब्ज़ी मंडी के प्रधान, व्यापार मंडल पतलीकूहल के पदाधिकारी, मंडी सदस्य एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
📍 Location: पतलीकुल्ह , कुल्लू (Kullu)

