समीरपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के अपने आवास समीरपुर में मंगलवार को महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उषा बिरला, अनिता गथानिया और रीना सपहिया ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रो. धूमल ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रि य भागीदारी के बिना सशक्त लोकतंत्र की कल्पना अधूरी है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश की पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसने महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए टिकट वितरण में आरक्षण का प्रावधान किया और उन्हें नेतृत्व के पर्याप्त अवसर प्रदान किए। भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। प्रो. धूमल ने कहा कि महिला मोर्चा केवल संगठन का एक हिस्सा नहीं, बल्किपार्टी की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्र मों को जन-जन तक पहुंचा रही हैं, जिससे संगठन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। इस दौरान उषा बिरला, अनिता गथानिया और रीना सपहिया ने भी महिला मोर्चा के माध्यम से पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। इस दौरान उनके साथ महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान भी उपस्थित रहीं।

