मंडी: खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुंदरनगर के सभागार में “मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना” के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर लाभार्थियों का मार्गदर्शन किया। जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) मंडी गोपी चंद पाठक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकास खंड सुंदरनगर की ग्राम पंचायत मलोह भनवाड़, बोबर तथा खिलड़ा के लाभार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य BPL श्रेणी में चयनित पात्र परिवारों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध करवाना रहा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे समय पर आवेदन कर योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इन लोगों ने दी जानकारी
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी नियोन धैर्य शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा, विषयवाद विशेषज्ञ कृषि शमशेर सिंह, उद्यान विकास अधिकारी अनुपमा मैहरा, उद्योग प्रसार अधिकारी श्वेता तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना शर्मा ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी।
और भी संवाद कार्यक्रम होंगे आयोजित
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ऐसे संवाद कार्यक्रम सलापड़, डैहर और बरोटी क्लस्टर में भी आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को विकास खंड के अन्य क्लस्टर में भी लाभार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
📍 Location: Mandi (Mandi)

