Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

विधान सभा में उठा नगर निगम Shimla के वार्डों की संख्या 41 से 34 करने का मुद्दा, विपक्ष ने सदन से किया वॉकआउट

April 5, 2023

विधान सभा में उठा नगर निगम Shimla के वार्डों की संख्या 41 से 34 करने का मुद्दा, विपक्ष ने सदन से किया वॉकआउट

शिमला (गजेंद्र) : प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में आज प्रश्नकाल के बाद विपक्ष ने पॉइंट ऑफ आर्डर के तहत नगर निगम शिमला के वार्डों को 41 से 34 करने का मुद्दा सदन में उठाया। बीते रोज ही सरकार ने सदन में विधेयक लाकर वार्डों की संख्या को 41 से 34 किया था, लेकिन विपक्ष सदन में कल मौजूद नहीं था, जिसके चलते आज विपक्षी विधायक रणधीर शर्मा ने इस मुद्दे को पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत उठाया और सरकार पर चुनाव आयोग के नियमों की धज्जियां उड़ाने के आरोप लगाए। विधान सभा अध्यक्ष ने विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दे पर चर्चा के लिए समय नहीं दिया, जिस पर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।

नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सदन के भीतर विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। विपक्ष को अपनी बात रखने के लिए विधानसभा में समय नहीं दिया जा रहा हैं, बीते कल सरकार ने विपक्ष की गैर हाजिरी में बिल पारित कर वार्डों की संख्या को 41 से 34 किया है, जो कि चुनाव आयोग के नियमों की भी उल्लंघना है। पूर्व भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार वार्ड का पुनर्सीमांकन करके संख्या बढ़ाई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए फिर से वार्डों की संख्या को कम कर दिया है।

इसके अलावा जो रोस्टर भी बनाया गया है वह भी बिल्कुल उलट है। संख्या के आधार पर रोस्टर ना बनाकर अपनी जीत के अनुसार रोस्टर बनाया गया है। वहीं 5 दिन में लगभग 11000 फर्जी वोटर भी बनाए गए हैं, ताकि कांग्रेस नगर निगम पर अपनी जीत सुनिश्चित कर सके। विपक्ष इसका विरोध करता है। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने विपक्ष के धरने को मात्र सुर्खियों में बने रहने का प्रयास करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सार्थक सुझाव देकर भी लोगों के मुद्दों को उठा सकता है लेकिन केवल खबरों में बने रहने के लिए विपक्ष ने वाकआउट किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें