
शिमला। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सेब सीजन के दौरान अब तक मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत एचपीएमसी और हिमफेड द्वारा 13,202.666 मीट्रिक टन सेब की खरीद की गई है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि बारिश का समय पर न होना और फिर बेमौसमी बारिश होना, फ्लावरिंग के दौरान ठंड पड़ना और चिलिंग ऑवर्स सहित कई कारण रहे जिससे इस वर्ष सेब की फसल कम हुई है।
बागवानी मंत्री ने भाजपा पर किसानों-बागवानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार से एमआईएस की 114 करोड़ रुपये की देनदारी विरासत में मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार की देनदारी देने के साथ अब तक किसानों-बागवानों को 262 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया है।
जगत सिंह नेगी ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 23 लाख 34 हजार 739 सेब पेटियां मंडियों में पहुंची है।
बागवानी मंत्री ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के तहत एमआईएस में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत लंबे समय से चली आ रही प्रथा को बदला गया है। ऐप के माध्यम से किसानों-बागवानों का पंजीकरण किया जा रहा है। इससे एक ओर जहां किसानों-बागवानों की संख्या कम हुई वहीं पूर्ण पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है।
उन्होंने बताया कि एमआईएस के तहत 30 बैग सेे कम वाले 11,285 किसानों-बागवानों और 100 बैग से कम वाले 2,827 किसानों-बागवानों को डीबीटी से माध्यम से भुगतान किया गया है। वहीं 100 बैग से ज्यादा वाले 7 हजार किसानों-बागवानों की पहचान की गई है जिनमें से 2 हजार केस सत्यापित किए जा चुके हैं। 5 हजार मामलों में सत्यापन के लिए भूमि रिकॉर्ड से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि एमआईएस के तहत एक रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है, जिससे हजारों किसान-बागवान लाभान्वित होंगे।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...