Site icon Dainik Savera Times

हिम केयर पर मुख्यमंत्री लगातार बोल रहे झूठ, डॉक्टरों की दक्षता और सेवाभावना पर भी उठा रहे सवाल : जयराम ठाकुर

धर्मशाला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लगातार झूठे और शर्मनाक बयान देकर न केवल हिम केयर योजना को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, बल्कि प्रदेश के डॉक्टरों की व्यावसायिक दक्षता और उनकी पवित्र सेवाभावना पर भी सवाल उठा रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत दिए गए लिखित जवाब में पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वर्ष 2019 से 2022 तक आईजीएमसी, टांडा और प्रदेश के अन्य अस्पतालों में पुरुषों की बच्चेदानी निकालने का एक भी ऑपरेशन नहीं हुआ है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री इस तरह के बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर दिन-रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बिना तथ्यों की जांच किए इस तरह के बयान देना डॉक्टरों की प्रतिष्ठा और उनकी पेशेवर ईमानदारी पर सवाल खड़े करना है। मुख्यमंत्री का पद संवैधानिक गरिमा और जिम्मेदारी से जुड़ा होता है। ऐसे पद पर बैठे व्यक्ति को सार्वजनिक मंचों से बयान देते समय तथ्यों और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के पास चार साल के कार्यकाल में अपनी सरकार की कोई बड़ी उपलब्धि बताने के लिए नहीं है। वह जनता के लिए कोई ऐसी बड़ी लकीर नहीं खींच पाए हैं, इसलिए अब दूसरों की लकीर मिटाने में लगे हुए हैं। उनके पास अपनी कोई बड़ी जनकल्याणकारी योजना नहीं है और यही वजह है कि पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू की गई हिम केयर जैसी महत्वपूर्ण योजना उन्हें चुभ रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिम केयर योजना ने प्रदेश के हजारों जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक राहत दी है। यह योजना गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा सहारा बनी। ऐसी योजना को राजनीतिक द्वेष के चलते बदनाम करने के बजाय इसे और बेहतर बनाने की जरूरत है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह तथ्यहीन बयानबाजी बंद करें और प्रदेश की जनता के हितों पर ध्यान दें। जयराम ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version