Jairam attacks government over recruitment delay : शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जुलाई खत्म हो गई, लेकिन अभी तक हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) और अलाइड सर्विसेज की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों युवा इसकी राह देख रहे हैं, लेकिन अपनी मित्र मंडली को दो-दो साल का सेवा विस्तार एक साथ देने वाले मुख्यमंत्री अभी तक भर्ती प्रक्रिया ही शुरू नहीं कर पाए हैं।
यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और युवा बेसब्री से इसकी राह देख रहे हैं। कोविड के समय में भी यह भर्ती सुचारू रूप से चलती रही, क्योंकि प्रदेश को चलाने के लिए युवा अधिकारियों की यह सबसे प्रमुख भर्ती है। लेकिन मित्र मंडली के सहारे प्रदेश चलाने की चाहत रखने वाले मुख्यमंत्री युवा अधिकारियों से न जाने क्यों परहेज कर रहे हैं। वह पहले भी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को लेने के लिए केंद्र को मना कर देते हैं और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों को दो-दो साल का सेवा विस्तार दिया जा रहा है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर व्यवस्था परिवर्तन का दौर चल रहा है।
नौकरियों पर सरकार झूठ बोल रही : जयराम
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार नौकरियों के नाम पर सदन से लेकर सड़क तक झूठ बोल रही है। यह सरकार युवा और स्थायी नौकरी विरोधी है। कैबिनेट में नौकरियां घोषित की जाती हैं, फिर उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। सामान्य भर्ती की बात छोड़ दीजिए, जो भर्तियां माननीय न्यायालय के संज्ञान में हैं, उनकी स्टेटस रिपोर्ट भी सरकार माननीय उच्च न्यायालय को उपलब्ध करवाने से कतराती है। इसी तरह सरकार की ज्यादातर घोषणाएं, चाहे वे बजट की हों या कैबिनेट की, कागजों में ही सिमटकर रह जाती हैं। ताजा मामला जेओए लाइब्रेरी भर्ती का है, जिसमें सरकार ने मार्च 2024 से ही 771 पदों पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती की जानी थी।

