Site icon Dainik Savera Times

राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया : जयराम ठाकुर

शिमलाः ​भारतीय जनता पार्टी के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और जंजैहली मंडल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की, जहां उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से मिलना सदैव नई ऊर्जा का संचार करता है और सभी का स्नेह, समर्पण तथा संगठन के प्रति प्रतिबद्धता जनसेवा के संकल्प को मजबूत बनाती है।

उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा का साथ देने पर कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जीत की ज़मीन पक्की हो चुकी है, इसलिए सभी कार्यकर्ता रिकॉर्डतोड़ जीत के लिए फिर से जुट जाएं क्योंकि निश्चित रूप से आगे भाजपा की ही सरकार बनेगी और रुके हुए काम पूर्ण होंगे।

देश के राजनीतिक हालात पर बात करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया और आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया है, क्योंकि स्वतंत्र भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नेता बिना अनुमति सुप्रीम कोर्ट के अंदर घुस गया और गेट तोड़कर अराजकता फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि ऐसे गुंडे और दिमाग से नक्सली सोच वाले नेता को ढोना कांग्रेस की मजबूरी हो सकती है देश की नहीं, जो बिना चुनाव के प्रधानमंत्री की कुर्सी पाने के लिए लालायित हैं और नरेंद्र मोदी के तीसरी बार देश का नेतृत्व करने से असहज हो रहे हैं।

आज कांग्रेस राहुल गांधी की इन हरकतों की वजह से देश में तहस-नहस हो चुकी है और देश ने भरोसा भाजपा पर जताया है जिससे 22 राज्यों में भाजपा और सहयोगी दलों की सरकारें लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया से सत्ता में हैं, जबकि राहुल हुड़दंग से सत्ता पाना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि आज चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस पार्टी पहले की तुलना में और शर्मनाक तरीके से हारेगी क्योंकि 100 से अधिक चुनावों में असफलता ने राहुल गांधी को ऐसे अराजक काम करने के लिए मजबूर कर दिया है।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे राहुल गांधी के लिए अपना समय बर्बाद न करें और हिमाचल के विकास पर ध्यान दें, क्योंकि मुख्यमंत्री हर रोज़ दिल्ली दौड़कर सरकारी खर्चे पर कांग्रेस रैलियों में भाग ले रहे हैं और शिमला पहुंचते ही उन्हें वापस बुला लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लगता है कि दिल्ली नहीं गए तो उनकी कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी इसलिए राहुल गांधी के डर से रोज़ उल्टे पैर वापस दिल्ली पहुंच जाते हैं।

उन्होंने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के उथल-पुथल भरे दौर में भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, जहां आईएमएफ के नवीनतम वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम अनुमानों के अनुसार भारत 2026 और 2027 में 7.0% की अनुमानित जीडीपी वृद्धि के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में मजबूत आर्थिक आधार, सुधारों की निरंतरता और आत्मविश्वास से भरा नया भारत विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version