Site icon Dainik Savera Times

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर जयराम ठाकुर ने गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा

शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाया। इस दौरान उन्होंने गुरु चरणों में माथा टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। उन्होंने इस पावन अवसर पर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को स्मरण करते हुए उनके बताए मानवता, प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा और समाज को सही दिशा दिखाने के लिए समर्पित रहा। उनकी शिक्षाएं केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई तथा सभी मनुष्यों को समान मानने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर पूरी मानवता को एक परमात्मा की संतान होने का बोध करवाया। उन्होंने सेवा, सच्चाई, समानता, परोपकार और भाईचारे को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। गुरु साहिब की शिक्षाएं हमें सिखाती हैं कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करने, दूसरों के प्रति प्रेम और सम्मान रखने तथा निस्वार्थ भाव से मानव सेवा करने में ही वास्तविक आध्यात्मिकता निहित है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में भी गुरु नानक देव जी के विचारों और आदर्शों की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक है। समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए उनकी शिक्षाएं हम सभी का मार्गदर्शन करती हैं। उनकी ओर से दिया गया मानवता और समानता का संदेश आने वाली पीढ़ियों को भी सदैव प्रेरित करता रहेगा।

जयराम ठाकुर ने प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति और उन्नति के लिए भी मंगलकामना की।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version