Site icon Dainik Savera Times

जयराम का आरोप- हिमाचल में स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था बदहाल

Jairam Thakur Slams Sukhu Government Over Four-Year Celebration Plans : शिमला। शिमला से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार द्वारा चार साल का कार्यकाल पूरा होने के जश्न मनाने की तैयारी की जमकर निंदा की है।

पूरे प्रदेश में चारों तरफ हाहाकार ही हाहाकार है। सारी व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हैं और मुख्यमंत्री अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न मनाने में जुटे हैं। जो कार्यकाल पूरी तरह प्रदेश के लोगों को प्रताड़ित करने, दुख देने और सुविधाएं छीनने में गुजारा हो, उसका जश्न कैसे मनाया जा सकता है? सरकार को अपनी नाकामियों का जश्न मनाने में प्रदेश के लोगों के करोड़ों रुपये फूंकने का कोई हक नहीं है। यह धनराशि प्रदेश के विकास पर खर्च की जानी चाहिए, सरकार की नाकामियों के जश्न पर नहीं। आपदा के समय टूटी हुई सड़कें आज भी उसी हाल में हैं।

इन सड़कों पर कभी गाड़ियां चलती थीं, उन पर आज खच्चर चल रहे हैं। पीडीएनए का पैसा आपदा से क्षतिग्रस्त मूलभूत सुविधाओं को ठीक करने की बजाय मित्रों में बंदरबांट पर खर्च हो रहा है और सरकार जश्न मनाने की तैयारी में जुटी है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति और क्या हो सकती है? जयराम ठाकुर ने कहा कि सुख की सरकार का नारा देकर मुख्यमंत्री शुल्क की सरकार चला रहे हैं। प्रदेश में किसी न किसी तरह का शुल्क लगाने के अलावा सरकार कोई काम नहीं कर रही है। अस्पतालों में लोगों से निःशुल्क एक्स-रे की सुविधा भी छीन ली गई है।

स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर शिक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था तक का बुरा हाल है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों से 50,000 से ज्यादा छात्र अपना नामांकन वापस ले चुके हैं, फिर भी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तरक्की का ढोल पीटकर जश्न मनाना चाहती है। प्रदेश के अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की सूची में शामिल 70 प्रतिशत से ज्यादा दवाएं गायब हैं, मरहम-पट्टी, सुई और रुई स्पिरिट तक अस्पतालों में नहीं है। सड़क हादसों में जिंदा बच गए लोग अस्पताल में इलाज के अभाव में दम तोड़ रहे हैं और सरकार रोबोटिक सर्जरी की मशीनें खरीद कर, विश्व स्तरीय स्वास्थ्य व्यवस्था का ढिंढोरा पीटकर जश्न मनाना चाहती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आए दिन कत्लेआम हो रहा है। हत्या से लेकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, बलात्कार, फिरौती और चोरी जैसी घटनाएं आम हैं। सरकार न तो स्थायी डीजीपी की नियुक्ति कर पाई और न ही मनमानी चला रही ब्यूरोक्रेसी के लिए स्थायी मुख्य सचिव की नियुक्ति कर पाई। इसके बाद भी मुख्यमंत्री व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश का पूरा शासकीय अमला जश्न की तैयारी में जुटा हुआ है। हिमाचल ऑन सेल की मुहिम चलाने वाले मित्र मंडल और अधिकारियों को संरक्षण देने वाले मुख्यमंत्री खुद को योद्धा बताने के लिए चार साल के जश्न की तैयारी में जुटे हुए हैं।

छह सरकारों से ज्यादा अकेले ही कर्ज लेकर, चारों तरफ प्रदेश की हालत खस्ता करके खुद को हिमाचल का हितैषी बताने वाले मुख्यमंत्री किस बात का जश्न मना रहे हैं, यह बात उनके आलाकमान को उनसे पूछनी चाहिए।

Exit mobile version