Jairam Thakur Targets Sukhu Government in Kullu : कुल्लू। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में सुक्खू सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों में नाकाम रही है और पंचायत चुनाव टालने का प्रयास कर रही थी। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में 12 में से 11 जिलों में भाजपा के जिला परिषद अध्यक्ष बने, जबकि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा के महापौर और उपमहापौर चुने गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और सरकार की नीतियों को जनता के बीच उठाने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर कुल्लू में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत एवं शहरी निकाय प्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार पंचायत चुनाव टालने के प्रयास कर रही थी, लेकिन भाजपा ने विधानसभा से लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी। वर्ष 2020 में कोविड के गंभीर दौर में भी पंचायत चुनाव हुए थे, ऐसे में आपदा का बहाना बनाकर चुनाव रोकना अनुचित था। भाजपा के संघर्ष के चलते सरकार को चुनाव करवाने पड़े और जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिला। जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनावों में प्रदेश के 12 में से 11 जिलों में भाजपा के जिला परिषद अध्यक्ष बने। वहीं, धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन नगर निगमों में से तीन में भाजपा के महापौर और उपमहापौर चुने गए।
ये परिणाम कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी का स्पष्ट संकेत हैं। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार विकास के मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम रही है। प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरीके से ठप हो चुका है। जनता सरकार की नीतियों से निराश है। कांग्रेस और सरकार की अंतःकलह के कारण पूरा प्रदेश परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन को भाजपा की ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील की। साथ ही, नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक लोकेन्द्र कुमार, प्रदेश भाजपा महामंत्री पायल वैद्य, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित सूद सहित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।