Site icon Dainik Savera Times

परमार जयंती पर जयराम ठाकुर का सरकार पर निशाना, बोले- सभी सरकारों के कामों को मिलना चाहिए सम्मान

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के विकास में डॉ. परमार की भूमिका निर्णायक रही। उन्होंने संघर्ष के साथ प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने का काम किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ. परमार ने केवल सड़कों के विकास पर ही नहीं, बल्कि हिमाचल के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए काम किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि डॉ. परमार को पूर्ण सम्मान दिया जाना चाहिए और उनकी जयंती पर होने वाले कार्यक्रम का स्वरूप और बड़ा होना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में मौजूदा सरकार के कामों के अलावा पूर्व की सरकारों के योगदान का कोई उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के विकास में अलग-अलग सरकारों के योगदान की झलक भी कार्यक्रम में शामिल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुझाव दिया गया है कि सभी सरकारों के कामों का उल्लेख किया जाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आयोजित स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम में सभी सरकारों और उनके योगदान का ध्यान रखा गया था।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने बीजेपी के कुल मौजूदा 28 में से 16 विधायकों के हारने की बात कही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों भविष्यवक्ता बने हुए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयानों को कोई गंभीरता से नहीं लेता और यहां तक कि उनकी अपनी पार्टी में भी उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जाता।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है मुख्यमंत्री कांग्रेस का हाल बता रहे हैं। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति इससे भी ज्यादा खराब होने वाली है। भाजपा की आज होने वाली विधायक दल की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र से पहले हमेशा विधायक दल की बैठक होती है ।बैठक में रणनीति तैयार की जाएगी कि सरकार को सदन के अंदर किन किन विषयों पर घेरना है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version