Jairam Thakur Targets Sukhu Government : शिमला। अंदरोला में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता हासिल की, लेकिन प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए लोकतंत्र की इस जमीनी नींव को मजबूत करने का आह्वान किया और साथ ही कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनावों में जनता से झूठ बोलकर और लोकलुभावन वादे करके किसी तरह सत्ता तो हथिया ली है, लेकिन वे दोबारा हिमाचल में अपनी सरकार नहीं बना पाएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता आजकल दिल्ली में बैठकर केंद्र की भाजपा सरकार को गिराने के हसीन सपने देख रहे हैं, लेकिन वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके पद से हिला तक नहीं सकते।
जयराम ठाकुर ने तीखे लहजे में कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके पिता के नाम पर गाली देकर कहते हैं कि मोदी सत्ता से चला जाएगा, लेकिन वे यह भूल रहे हैं कि देश की जनता का अटूट विश्वास मोदी जी के साथ है और देश की जनता चाहती है कि मोदी कहीं न जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 में नरेंद्र मोदी चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और हिमाचल की कांग्रेस को यह साफ सुन लेना चाहिए कि वे इस पहाड़ी राज्य से पूरी तरह जाने वाले हैं क्योंकि जनता ने अब सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का पूरा मन बना लिया है।
केंद्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी दिल्ली में खुद को इस तरह से पेश करते हैं जैसे कि वे कोई नौजवान या ‘जैन जी’ हों, लेकिन उनकी वास्तविक उम्र अब 60 वर्ष के आसपास पहुंच चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस पार्टी आखिर कितनी बार अपने इस नेता को बार-बार रीलॉन्च करती रहेगी, जबकि देश की जनता उन्हें बार-बार सिरे से नकार चुकी है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आजकल देश भर में अराजकता का माहौल खड़ा करके किसी भी तरह सत्ता पाना चाहते हैं, लेकिन देश का माहौल बिगाड़कर उन्हें सत्ता हासिल होने वाली नहीं है।
ईवीएम पर सवाल उठाते थे तो यहां बैलेट पर एमएलसी चुनाव देशभर में हुए लेकिन एक भी जगह कांग्रेस खाता नहीं खोल सकी। उन्होंने मंच से जनता और कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही कांग्रेस द्वारा बंद किए गए सभी संस्थानों को पुनः जनहित में खोल दिया जाएगा और कांग्रेस सरकार द्वारा अपने 5 वर्षों के कार्यकाल में लिए गए हर एक जनविरोधी फैसले की गहन समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को निशाने पर लेते हुए नेता प्रतिपक्ष ने नसीहत दी कि मुख्यमंत्री बदले की भावना से काम करने की अपनी पुरानी आदत को तुरंत छोड़ दें और प्रदेश के विकास पर ध्यान केंद्रित करें।
उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि हमारे चुने हुए जनप्रतिनिधियों को बेवजह तंग किया जा रहा है और उनके खिलाफ दुर्भावना से प्रेरित होकर एफआईआर दर्ज की जा रही है, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री को चेतावनी देना चाहते हैं कि अगर उन्होंने बदले की भावना से काम करना बंद नहीं किया तो इसका बड़ा खामियाजा उन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को अब ‘महाराज’ कहने पर भी गहरी आपत्ति होने लगी है, जबकि पिछले दिनों कुल्लू में खुद मुख्यमंत्री ने कहा था कि मुझे नेता प्रतिपक्ष सुक्खू महाराज कह रहे हैं।
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाई, मैं तो केवल सम्मानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहा हूं, आपने तो पता नहीं मेरा क्या-क्या नाम रख दिया था। कांग्रेस की वित्तीय नीतियों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार करोड़ों रुपये का भारी-भरकम ऋण लेकर भी प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं कर पा रही है और सुक्खू महाराज जी भविष्य में केवल ऋण लेने के लिए ही याद किए जाएंगे, क्योंकि उन्होंने कर्ज लेने के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। वे खुद तो सरकारी हेलीकॉप्टर से आसमान में घूम रहे हैं, जबकि जमीन पर हिमाचल की सड़कों की हालत पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी है।
ऐसे में यह गंभीर जांच का विषय है कि आखिर इतना कर्ज लेकर पैसा कहां खर्च किया जा रहा है। अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए ठाकुर ने कहा कि मेरे 5 वर्षों के कार्यकाल में अकेले नालागढ़ क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए थे, लेकिन आज जनता खुद पता करे कि इस वर्तमान सरकार ने यहां कितने पैसे खर्च किए हैं। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सरकार केवल निकम्मी ही नहीं बल्कि महा-निकम्मी साबित हुई है, जिसने पूरे प्रदेश के विकास कार्यों पर पूरी तरह से पूर्णविराम लगा दिया है। कांग्रेस की गारंटियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इन्होंने 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की झूठी गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आते ही अब उसे मात्र ढाई लाख महिलाओं तक समेट कर रख दिया है।

