Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

अब राष्ट्रीय स्तर का होगा जयसिंहपुर का दशहरा मेला: मुकेश अग्निहोत्री

October 21, 2026

अब राष्ट्रीय स्तर का होगा जयसिंहपुर का दशहरा मेला: मुकेश अग्निहोत्री

शिमला:  उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जयसिंहपुर के दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का मेला घोषित करने की घोषणा की। उन्होंने जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने का भी ऐलान किया। वह मंगलवार को दशहरा के पावन अवसर पर जयसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जयसिंहपुर का दशहरा उत्सव शानदार ढंग से आयोजित किया गया है। यहां की आतिशबाजी और उत्सव की भव्यता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

पेयजल योजनाओं पर खर्च हो रहे 236 करोड़ रुपये

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। पिछले साल की गई घोषणाओं में से अधिकांश पूरी होने जा रही हैं। क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर लगभग 236 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 70 करोड़ रुपये और 43 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल योजनाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं, जबकि 34 करोड़ रुपये की एक अन्य योजना का कार्य 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।  जयसिंहपुर बस अड्डे का निर्माण कार्य भी जारी है और इसे जल्द ही पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। प्रदेश सरकार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आने वाला समय इलेक्ट्रिक बसों का है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में अभी तक 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं और प्रदेश में एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अतिरिक्त 200 हाइड्रोजन बसें खरीदने की भी योजना है। जयसिंहपुर क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। क्षेत्र में डीजल बसों के लिए वर्कशॉप बनाने की मांग पर भी विचार किया जाएगा, लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों और उनसे जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। पालमपुर, बैजनाथ और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इलेक्ट्रिक बसों की जरूरत के अनुसार चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

हिमाचली संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं मेले

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि होने के साथ-साथ मेलों और उत्सवों की समृद्ध परंपरा के लिए भी जाना जाता है। मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और समाज को आपस में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रदेश सरकार इन परंपराओं को प्रोत्साहित करने और मेलों को नई पहचान दिलाने के लिए प्रयासरत है। इससे पहले आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने तथा दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की मांग रखी। इस अवसर पर अतिथियों को हिमाचली टोपी, शॉल और माता आशापुरी की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने दशहरा स्मारिका का विमोचन भी किया।

समारोह में मुकेश अग्निहोत्री ने रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन में भाग लिया तथा भव्य आतिशबाजी का आनंद लिया। सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार निंजा, स्टैंडअप कॉमेडियन विशाल शर्मा और गायक बिक्की राजटा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बिक्की राजटा ने ‘डुंगे नालुए’ और ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’ जैसे लोकप्रिय हिमाचली गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

इस अवसर पर विधायक आशीष बुटेल, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बलविंदर सिंह बबलू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जयसिंहपुर के अध्यक्ष जसवंत डडवाल, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें