जालंधर। फुटबॉल चौक पर देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार डिलीवरी बॉय घायल हो गया। हादसे के बाद विवाद बढ़ने पर युवक पर दातर से हमला करने का मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय चेतन और 18 वर्षीय लविस, दोनों निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, गढ़ा, जालंधर के रूप में हुई है।
एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, एएसआई सतिंदर कुमार को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि मिंटू नामक युवक गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर पहले उसकी कार सवारों के साथ बहस हुई थी। बाद में जब वह अपने दोस्तों के साथ घर जा रहा था, तब इसी बात को लेकर दोबारा विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उस पर दातर से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर को बीएनएस की धाराओं 109, 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दातर भी बरामद कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इससे पहले तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (PB-08-CP-0511) ने डिलीवरी बॉय की बाइक को टक्कर मारी थी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और युवक घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
📍 Location: कमिश्नर पुलिस (जालंधर)

