Site icon Dainik Savera Times

गोहर में ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत 13 पंचायतों में जन-संवाद, अति निर्धन परिवारों की समस्याएं सुनीं

गोहर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत सोमवार को मंडी जिला के विभिन्न विकास खंडों में अति निर्धन परिवारों के साथ जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में विकास खंड गोहर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित कर चिन्हित अति निर्धन परिवारों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से प्रदेश में लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवार चिन्हित किए गए हैं। इन परिवारों की पहचान की प्रक्रिया आठ चरणों में पूरी की गई है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक ऐसे परिवार तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अभी तक इन योजनाओं से वंचित रहे हैं।

इस वित्त वर्ष के बजट में ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना की घोषणा की गई थी, जिसे अब इसके उद्देश्यों के अनुरूप धरातल पर कार्यान्वित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार चिन्हित अति निर्धन परिवारों का सहारा बनकर उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। सरकार का मानना है कि इन परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार से न केवल उनका जीवन स्तर बेहतर होगा, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

विकास खंड गोहर की 13 पंचायतों में आयोजित हुई जन-संवाद बैठकें

विकास खंड गोहर में आज अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत के अंतर्गत 13 ग्राम पंचायतों में जन-संवाद बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में चिन्हित अति निर्धन परिवारों के लाभार्थियों के साथ संबंधित पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठकों में अति निर्धन परिवारों की वास्तविक आवश्यकताओं, उनकी समस्याओं तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। लाभार्थियों से उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया।

ग्राम पंचायत बासा में भी हुआ जन-संवाद

ग्राम पंचायत बासा में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी गोहर पवन कुमार ने उपस्थित लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीपीएल परिवारों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों, आधार कार्ड के लाभ तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की।

इस दौरान ग्रामीणों को मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री सुख सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, कन्या दान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आंगनबाड़ी सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा विभिन्न आवास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले विभिन्न प्रकार के अनुदान एवं सुविधाओं से भी अवगत करवाया। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार इनका लाभ उठाएं।

जन-संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। खंड विकास अधिकारी ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जन-संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अति निर्धन परिवारों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझना तथा उन्हें सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

📍 Location: मंडी (Mandi)

Exit mobile version