हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के सराज क्षेत्र में शिवरात्रि महोत्सव की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, चार दोस्त बिना घरवालों को बताए जीप लेकर घूमने के लिए निकले थे। जीप (नंबर एचपी65 5148) बगस्याड निवासी योगराज की बताई जा रही है। हादसे में योगराज के बेटे हार्दिक की भी जान चली गई। घर से करीब 24 किलोमीटर दूर लंबाथाच-कलहणी सड़क पर बुनालीधार के पास जीप अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
गाड़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि दो युवक गाड़ी के बाहर गिरे पड़े थे और दो अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और चारों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
हादसा इतना भयावह था कि शुरुआत में युवकों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। बताया जा रहा है कि सभी युवक आईटीआई के छात्र थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। जंजैहली थाना प्रभारी रामकृष्ण ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गाड़ी किस वजह से अनियंत्रित हुई। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Video: नौ दिनों की पैदल यात्रा के बाद मंडी पहुंचे ‘बड़ादेव’; अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में जनसैलाब

