Site icon Dainik Savera Times

खरौन आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका का पद खाली, 23 अक्टूबर तक करें आवेदन

जोगिंदर नगर: बाल विकास परियोजना अधिकारी दरंग के अंतर्गत कस पंचायत के खरौन आंगनबाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद को भरने के लिए पात्र स्थानीय महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी दरंग कुंदन हाजिरी ने दी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 23 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित दस्तावेजों के साथ सादे कागज पर अपना आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, दरंग में जमा करवा सकती हैं। पद के लिए स्क्रीनिंग 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को अपने मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।

ये हैं पात्रता शर्तें

आंगनबाड़ी सहायिका के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। उम्मीदवार की आयु 23 अक्टूबर 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया के परिवारों की सूची में शामिल होना अनिवार्य है। उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र मान्य होगा। इसके अलावा उम्मीदवार का 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना और हिमाचली स्थायी निवासी होना भी अनिवार्य है।

₹5,800 मिलेगा मासिक मानदेय

आंगनबाड़ी सहायिका को 5,800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। चयन निर्धारित नियमों और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, संबंधित अनुभव, विशेष श्रेणी और व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए निर्धारित अंकों के आधार पर किया जाएगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि आवेदन के साथ आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है।

23 अक्टूबर 2026 के बाद कोई अतिरिक्त प्रमाण पत्र या दस्तावेज स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा करवाने और 28 अक्टूबर को स्क्रीनिंग के लिए मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का आग्रह किया है।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version