कांगड़ा : मटौर-शिमला फोरलेन पर दौलतपुर और समेला के बीच बनी आधुनिक सुरंग जल्द ही यातायात के लिए खुलने की उम्मीद है। करीब 15 महीने से तैयार 591 मीटर लंबी यह सुरंग रियोंद खड्ड पर पुल का निर्माण पूरा न होने के कारण अभी तक शुरू नहीं हो पाई थी। अब पुल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने से लोगों की सुरंग से सफर करने की उत्सुकता बढ़ गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस सुरंग में लाइटिंग, आपातकालीन फोन, सीसीटीवी कवरेज और इमरजेंसी एग्जिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सुरंग शुरू होने के बाद कछियारी से रानीताल का सफर महज 10 से 12 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को पुराने खस्ताहाल मार्ग से राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार सितंबर के अंत तक रियोंद खड्ड पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य पूरा हो सकता है। इसके बाद फोरलेन के पूरी तरह शुरू होने से कांगड़ा क्षेत्र में यातायात का दबाव और जाम की समस्या कम होने की संभावना है। यह ट्विन-ट्यूब सुरंग समेला के समीप आधुनिक NATM तकनीक से तैयार की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य करीब 110 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक समेला सुरंग पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करना और सफर को अधिक सुरक्षित बनाना है।

