Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज, गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस ने की कार्रवाई

November 14, 2026

कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में FIR दर्ज, गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस ने की कार्रवाई

शिमला। भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और उनके परिवार के सदस्यों को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज होने की संभावना है।

शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को एक पोस्ट साझा की गई थी। इस पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत को लेकर कथित तौर पर विवादित और भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट के माध्यम से गांधी परिवार के सदस्यों को लेकर ऐसी बातें कही गईं, जो सामाजिक और राजनीतिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को कथित तौर पर ‘रहस्यमय विदेशी नागरिक’ बताते हुए उनके परिवार के सदस्यों की एक के बाद एक हुई मौतों और उनके देश की सरकार का मुखिया बनने को लेकर भी टिप्पणी की गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियां न केवल तथ्यहीन और आपत्तिजनक हैं, बल्कि इनसे समाज में गलत संदेश जाने और लोगों के बीच तनाव पैदा होने की आशंका भी है।

कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों की ओर से की जाने वाली टिप्पणियों का व्यापक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में यदि किसी पोस्ट के माध्यम से किसी राजनीतिक परिवार या समुदाय को लेकर भड़काऊ बातें कही जाती हैं तो इससे सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने पुलिस से संबंधित पोस्ट की आपराधिक जांच करवाने और कंगना रनौत के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 196(1)(b) और 356(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर के मुताबिक, मामले की जांच शिमला वेस्ट थाना पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, सोशल मीडिया पर साझा की गई संबंधित पोस्ट और उसके कथित प्रभाव से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट में की गई टिप्पणियां किन परिस्थितियों में की गई थीं और उनके संबंध में कानूनी कार्रवाई के लिए क्या तथ्य सामने आते हैं।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें